- Hindi News
- महिला यात्री का सोना ऑटो चालक ने पुलिस को सौंपा
महिला यात्री का सोना ऑटो चालक ने पुलिस को सौंपा
अमूमनअॉटो चालक बदनाम है कि यात्रियों का सस्ता सामान भी पचा जाते हैं। लेकिन विग्रहपुर निवासी ऑटो चालक राजू ने साबित किया कि ईमानदारी या बेईमानी किसी खास पेशे से जुड़ी नहीं होती। दरअसल राजू गुरुवार को करबिगहिया से एक महिला यात्री को लेकर बस स्टैंड आया था। दोपहर एक बजे की बात थी। महिला उतरी तो उनका जिऊतिया भी गिर गया। इसका वजन करीब 10 ग्राम के लगभग है। बाजार में इसकी कीमत 30 हजार रुपए के लगभग होगी। एक अन्य यात्री इसे उठा रहा तो राजू की नजर पड़ी। उसने भांप लिया कि महिला का ही जिऊतिया है। पहले उसने महिला को खोजने की कोशिश की। लेकिन इसमें वक्त काफी बीत गया। रोजी-रोटी के लिए ऑटो चलाना भी जरूरी था। उसने बीच का रास्ता निकाला और जक्कनपुर थाने जाकर थानाध्यक्ष अर्जुन लाल को यह सौंप दिया। पूरी बात सुन कर थानाध्यक्ष ने राजू को शाबासी देने के साथ ही पांच सौ रुपए का नगद ईनाम दिया। राजू ने पहले तो इनकार किया, लेकिन जोर देने पर ईनाम रख लिया। राजू को उम्मीद है कि उसकी मेहनत बेकार नहीं जाएगी। महिला को जरूर पता चलेगा और वह अपना सोना ले जाएगी।