पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • विधानसभा भंग करवा दो दो हाथ करें नीतीश

विधानसभा भंग करवा दो-दो हाथ करें नीतीश

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
जदयू के लिए काम कर रहे स्पीकर

पूर्वउपमुख्यमंत्री सुशील मोदी ने नीतीश कुमार को विधानसभा भंग कराकर चुनाव मैदान में दो-दो हाथ करने की चुनौती दी है। उन्होंने कहा कि दिल्ली के चुनाव परिणाम से यदि वे इतने ही उत्साहित हैं और उसका परिणाम उन्हें बिहार पर भी पड़ता दिख रहा है, तो विधानसभा भंग करवा कर दो माह में चुनाव मैदान में जाएं। पता चल जाएगा परिणाम किसके पक्ष में होने वाला है। अनंत सिंह, शहाबुद्दीन, रीतलाल का साथ लेकर नीतीश कुमार अरविंद केजरीवाल बनने का ख्वाब देख रहे हैं। उन्हें अहसास हो जाएगा कि बिहार की जनता की नजर में वे क्या हैं? वह श्रीकृष्ण मेमोरियल हाल में अति पिछड़ा सेना की ओर से आयोजित धानुक सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार में अपने पांव पर खड़े होकर राजनीति करने की ताकत नहीं है। उन्हें राजनीति के लिए किसी के कंधे या बैसाखी की जरूरत है। 17 वर्षों तक भाजपा के कंधे पर चढ़कर राजनीति की, फिर लालू की बैसाखी के सहारे राजनीति में पांव जमाने की कोशिश में हैं। वहीं, नंदकिशोर यादव ने कहा कि नीतीश-लालू को अतिपिछड़ों-दलित-महादलितों का वोट तो चाहिए, लेकिन उन्हें वे प्रधानमंत्री-मुख्यमंत्री बनते नहीं देख सकते। नीतीश कुमार ने लोजपा, राजद, भाजपा सबको तोड़ा और भाजपा को नसीहत दे रहे हैं। उन्हें किसी पर भरोसा नहीं। इसीलिए बिना राज्यपाल के निर्णय का इंतजार किए वे विधायकों को मुलायम सिंह यादव के पहरे में पहुंचा आए। प्रदेश अध्यक्ष मंगल पांडेय ने कहा कि नीतीश लगातार मांझी को अपमानित कर रहे हैं और भाजपा इसे देखती नहीं रह सकती।

भाजपा कोर कमेटी ने बुधवार को भी राज्य के राजनीतिक हालात पर मंथन किया। पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी के आवास पर विधानसभा में विपक्ष के नेता नंदकिशोर यादव के अलावा पार्टी के वरीय नेताओं ने भविष्य की रणनीति पर भी चर्चा की। यादव ने कहा कि भाजपा बिहार के हालात पर पूरी नजर रखे हुए है।

एसके मेमोरियल हॉल में आयोजित धानुक सम्मेलन में गुफ्तगू करते नंदकिशोर यादव, मंगल पांडेय और सुशील कुमार मोदी।

मोदी ने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष जदयू के पक्ष में खुलकर काम कर रहे हैं। इसका प्रमाण उनकी हर गतिविधि है। जदयू विधायकों की बर्खास्तगी का मामला हो या फिर हाईकोर्ट द्वारा उनकी पुनर्बहाली के आदेश के मानने का। राजद को बगैर संख्याबल के असंवैधानिक ढंग से तोड़ने की कार्रवाई को मान्यता देने में भी उन्होंने पक्षपात किया था। ऐसे में हाईकोर्ट ने जो निर्देश दिया है, वह काफी सोच-समझकर दिया गया है। वहीं, अति पिछड़ा सेना के अध्यक्ष रामबदन राय ने कहा कि नीतीश कुमार ने धानुक जाति को अपमानित किया है। भाजपा उन्हें राजनीतिक हिस्सेदारी देगी। समारोह को साहित्यकार फणीश्वरनाथ रेणु के पुत्र विधायक पद्म पराग वेणु, सुरेंद्र मेहता, कामेश्वर चौपाल, नवल किशोर यादव ने भी संबोधित किया। धन्यवाद ज्ञापन शैलेंद्र कुमार सिन्हा ने किया।