पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • देवीलाल की 100 वीं जयंती पर साथ दिखेगा जनता दल परिवार

देवीलाल की 100 वीं जयंती पर साथ दिखेगा जनता दल परिवार

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
पूर्वउपप्रधानमंत्री और किसान नेता चौधरी देवीलाल की 100वीं जयंती पर 25 सितंबर को जनता दल परिवार एक साथ दिखेगा। उस दिन हरियाणा के जींद में इंडियन नेशनल लोकदल द्वारा रैली का आयोजन किया गया है। इससे भाजपा के खिलाफ देश में धर्मनिरपेक्ष दलों की एकजुटता की मुहिम को बल मिल सकता है। इस रैली में जनता दल यूनाईटेड, राष्ट्रीय जनता दल, समाजवादी पार्टी, जनता दल सेक्युलर और बीजू जनता दल के नेता एक साथ दिखेंगे। ये सभी जनता दल से अलग होकर मौजूदा राजनीतिक पटल पर प्रभाव दिखा रहे हैं।

रविवार को दिल्ली में स्व. देवीलाल के पुत्र ओमप्रकाश चौटाला ने भोज का आयोजन किया था। उनके आग्रह पर बिहार से जदयू नेता नीतीश कुमार भी भोज में शामिल हुए। नीतीश ने चौटाला को इस रैली में राजद को भी आमंत्रित करने का सुझाव दिया। इसपर उन्होंने राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद से बात करके रैली में आने का निमंत्रण दिया। जदयू के राष्ट्रीय महासचिव केसी त्यागी ने बताया कि रैली में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शरद यादव और नीतीश कुमार के साथ वे खुद भी शामिल होंगे। रैली में आने के लिए सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव, ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक और जेडीएस नेता एचडी देवेगौड़ा ने भी सहमति जता दी है।

जदयू नेता नीतीश कुमार दिल्ली की यात्रा बीच में छोड़कर सोमवार को पटना लौट आए। नीतीश को तय कार्यक्रम के अनुसार 17 सितंबर को पटना आना था। सात सर्कुलर रोड स्थित अपने घर पर वे देर शाम तक पार्टी के नेताओं से मुलाकात कर फीडबैक लेते रहे।