20 लाख की बरामदगी में आयकर जांच शुरू
बीसलाख रुपए के साथ फ्रेजर रोड स्थित मारवाड़ी आवास से गिरफ्तार विवेक जायसवाल के मामले में आयकर विभाग ने अपनी तफ्तीश शुरू कर दी है। विवेक का कनेक्शन जमशेदपुर के स्क्रैप व्यवसायी सुनील जायसवाल से है। मंगलवार को आयकर विभाग की टीम ने जमशेदपुर में स्क्रैप के व्यवसाय से जुड़े गणपति ट्रेडर्स के ठिकानों पर सर्वे किया। आयकर विभाग के निदेशक (अन्वेषण) कुमार संजय ने इसकी पुष्टि की है। आयकर सूत्रों के अनुसार गणपति ट्रेडर्स के मालिक से प्रारंभिक पूछताछ में यह पता चला है कि विवेक उनका भतीजा है। पटना में जमीन खरीदने के लिए उसे पैसे देकर भेजा गया था। आयकर विभाग अब यह पड़ताल करने में जुटी है कि बीस लाख रुपए कैश का स्रोत क्या है।
मधुकोड़ा से संबंध : सर्वेमें पता चला है कि पूर्व सीएम मधु कोड़ा से सुनील जायसवाल के रिश्तेदारों का करीबी संबंध रहा है। सुनील का स्क्रैप का कारोबार है।