- Hindi News
- सोशल मीडिया के इस्तेमाल पर नीतीश ने दिया जोर
सोशल मीडिया के इस्तेमाल पर नीतीश ने दिया जोर
जदयूजल्द ही नए रूप में दिखेगा। पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अगुआई में पार्टी को आधुनिक रूप दिया जा रहा है। 7 सर्कुलर रोड में मंगलवार को खगड़िया, बेगूसराय और मुंगेर के कार्यकर्ताओं के साथ नीतीश ने संगठन की रूपरेखा पर विचार किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं को सोशल मीडिया का बढ़-चढ़ कर इस्तेमाल करने की सलाह देकर कहा कि लोगों को फेसबुक और ट्विटर पर जदयू की राजद कांग्रेस के साथ दोस्ती का मकसद बताना होगा। पार्टी के आधुनिकीकरण के लिए पहली बार दो नए प्रभारी बनाए गए हैं। बुधवार को 187 सदस्यीय राजनीतिक सलाहकार समिति की बैठक होगी।
घनश्याम तिवारी को संचार और सुनील कुमार को प्रशिक्षण का प्रभारी बनाया गया है। घनश्याम जदयू कार्यकर्ताओं को सोशल मीडिया के उपयोग की ट्रेनिंग देंगे। वहीं सुनील कार्यकर्ताओं को धरना, प्रदर्शन और शिविर के आयोजन का प्रशिक्षण देने के साथ ही समय-समय पर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय महत्व की घटनाओं और उसके प्रभाव से अवगत कराएंगे। यह भी तय हुआ कि जिस तरह राज्य इकाई में पहली बार महामंत्री तैनात किए जा रहे हैं, उसी तरह जिला और प्रखंड में भी महामंत्री की तैनाती होगी। सदस्यता अभियान को पहले ही ऑनलाइन किया जा चुका है। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह भी मौजूद थे।