- Hindi News
- दिनकर ने शहीदों से प्रेरित होकर लिखी थी कविता
दिनकर ने शहीदों से प्रेरित होकर लिखी थी कविता
बीएन कॉलेज में अपना व्याख्यान देते प्रो. मटुकनाथ (इनसेट) और कार्यक्रम में उपस्थित अतिथि।
डीबी स्टार > पटना
राष्ट्रकविरामधारीसिंह दिनकर ने शहीदों से प्रेरणा लेकर कई क्रांतिकारी कविताएं लिखी। उन्होंने कृष्ण के चरित्र के अनछुए पक्ष को भी लिखा। बीएन कॉलेज में आयोजित दिनकर जयंती सेमिनार में मुख्य वक्ता प्रख्यात विद्वान डॉ. प्रमोद कुमार सिंह ने ये बातें कहीं। उन्होंने अपने जोशीले भाषण में बताया कि दिनकर द्वन्द्व के कवि थे, लेकिन उनका द्वन्द्व बहुत ही उर्वर है। जो अंततः निर्णय और निष्कर्ष में बदल जाता है। युद्ध और शांति, हिंसा और अहिंसा के संबंध में उनके विचार कहीं से आयातित नहीं, बल्कि जीवन के अनुभव से उपजे हैं। वैसे तो जीवन में वे व्यावहारिकता का पालन करते हैं, लेकिन जब काव्य रचने बैठते हैं तो अभिव्यक्ति के तमाम खतरे उठाते हुए केवल सत्य बोलते हैं।
कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए पटना विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. वाईसी सिम्हाद्रि ने कहा कि दिनकर हिंदी के ऐसे कवि थे जिन्होंने स्वतंत्रता संघर्ष में अपनी वाणी से देश में जोश भरने का काम किया। उनकी कविता में आवेश और विचार का सुंदर समन्वय मिलता है। अध्यक्षीय भाषण में आलोचक डॉ. खगेंद्र ठाकुर ने कहा कि दिनकर ने राष्ट्रीय चेतना को नया आयाम दिया। उन्होंने केवल सामाजिक यथार्थ को ही नहीं पूरी धरती को अपनी कविता का विषय बनाया और समय के साथ उसमें अपेक्षित परिवर्तन आता गया। दिनकर की कविता में जो भाषण शैली मिलती है, वह पाठकों पर जबर्दस्त प्रभाव छोड़ती है। कार्यक्रम में कॉलेज के प्राचार्य डॉ. पीके पोद्दार, विभागाध्यक्ष डॉ. मटुकनाथ चौधरी, डॉ. विजय कुमार, उपेंद्र कुमार के साथ छात्र गौरव, आदित्य, कृष्णा, प्रशांत, गगन, कुंदन, शौर्य भारद्वाज, समीक्षा उपस्थित थे।