निगम में दिनभर चर्चा शाम ढलते ही शांति
निलंबन की आहट पर मीडिया को बुला लिया था, देर हुई तो बोले- बाद में बात करेंगे
किसे बेनकाब करेंगे कुलदीप?
मेयर ने कहा- अच्छा हुआ, डिप्टी मेयर बोले- यह काला दिन
नगरनिगम कार्यालय में दोपहर एक से साढ़े पांच बजे तक अफसर, पार्षद कर्मचारियों के चेहरों के रंग बदलते रहे। नगर आयुक्त कुलदीप नारायण के निलंबन की खबर आते ही मानो सुनामी-सी गई। दोपहर में चर्चा का बाजार गर्म था तो शाम पांच बजे एकदम शांत। नगर आयुक्त ने भी आनन फानन में पांच बजे मीडिया को बुला लिया। नगर आयुक्त के निलंबन के लिए होने वाले नोटिफिकेशन और नगर आयुक्त के प्रेस वार्ता पर सबकी नजर टिकी थी। नगर आयुक्त विभाग को बेनकाब करने वाले थे। घड़ी की सूई पांच पर जाने वाली थी, तभी कुलदीप नारायण अपने चैंबर से निकल सभा कक्ष में आए। बोले- अभी तक मेरे पास कोई सूचना नहीं आई है। प्रेस वार्ता को रद्द किया जाता है।
नगर आयुक्त के निलंबन की खबर सुन कोई खुश था तो काई उदास। डिप्टी मेयर के चेंबर में विपक्षी पार्षदों का जमावड़ा था। वहीं मेयर के चैंबर में मेयर समर्थक पार्षदों के चेहरे पर खुशी झलक रही थी।
नगर आयुक्त पर हत्या का मुकदमा चलना चाहिए। दशहरा में बेकसूर लोगों की जान गई। बरसात में शहर में भीषण जलजमाव लगा। लोगों को काले पानी की सजा मिली। कई घरों के चिराग डेंगू से बुझ गए। जनता के हित के लिए काम कराने की बजाय पैसे की लूट हुई। उनके लिए तो निलंबन की सजा बहुत कम है। -अफजल इमाम, मेयर
नगर आयुक्त का निलंबन निगम के इतिहास में काला दिन होगा। विभाग नगर आयुक्त पर कार्रवाई कर ईमानदार अफसरों को प्रताड़ित करने का काम कर रही है। -रूपनारायण मेहता, डिप्टीमेयर
नगर विकास विभाग में स्पष्टीकरण का लिखित जवाब लेकर पहुंचे पार्षद। वहां विशेष सचिव मौज्ूद नहीं थे। इस दौरान पार्षदों ने गुस्से का इजहार भी किया।