- Hindi News
- वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने के लिए 30 लाख लोगों ने किया आवेदन
वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने के लिए 30 लाख लोगों ने किया आवेदन
आनेवाले विधानसभा चुनाव में वोटरों की संख्या साढ़े छह करोड़ के पार होगी। फिलहाल, राज्य में करीब 6.34 करोड़ वोटर हैं। इस बार वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने के लिए 30.36 लाख आवेदन आए हैं। 1 जनवरी, 2015 की अर्हता तिथि के आधार वोटर लिस्ट पुनरीक्षण का काम चल रहा है। 15 जनवरी को वोटर लिस्ट का प्रकाशन होना है।
निर्वाचन विभाग के अधिकारियों के अनुसार पुनरीक्षण के दौरान राज्य में 30,36,046 आवेदन सिर्फ नाम जुड़वाने के लिए आए हैं। वोटर लिस्ट से नाम हटवाने के लिए 7,18,964 आवेदन आए हैं। इस हिसाब से वोटरों की संख्या करीब 6.5 करोड़ से अधिक होगी। इससे इतर वोटर लिस्ट में नाम संशोधन कराने के लिए 9.97 लाख आवेदन आए हैं। वोटर लिस्ट पुनरीक्षण कार्यक्रम की समीक्षा के लिए चुनाव आयोग 15 दिसंबर को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग करेगा।
बिहार में इस बार सर्विस वोटरों की सूची नए सिरे से बनेगी। पुरानी सूची को डिलीट कर पहली बार यह प्रक्रिया अपनाई जाएगी। सर्विस वोटर के दायरे में सेना और केंद्रीय अर्ध सैनिक बल के अधिकारी और जवान आते हैं। सर्विस वोटर पोस्टल बैलेट से मतदान करते हैं। चुनाव के दौरान उनके पते पर पोस्टल बैलेट भेजा जाता है और फिर उनके मतों को मतगणना में शामिल किया जाता है। बिहार में फिलहाल करीब 72 हजार सर्विस वोटर हैं।
नईसूची क्यों : निर्वाचनविभाग के अनुसार सर्विस वोटरों की सूची काफी पुरानी है। ऐसा देखा जा रहा है कि उनका तबादला कहीं और हो गया है और उनके पते पर भेजे गए पोस्टल बैलेट वापस जाते हैं। पिछले चुनाव में भी ऐसे मामले सामने आए थे। इसे ध्यान में रखकर पुरानी सूची को हटाकर नई सूची बनाई जा रही है।