मरीज की मौत पर अस्पताल में हंगामा
पटना-मसौढ़ीमुख्य मार्ग पर एक बेलगाम वाहन ने बाइक सवार 25 वर्षीय युवक को कुचल डाला, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल ले गए। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंचे युवक के परिजनों ने नालंदा मेडिकल अस्पताल के चिकित्सकों पर इलाज में कोताही बरतने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया।
मृतक की शिनाख्त धनरुआ के वीर ओरीआर गांव निवासी धन श्याम राम के बेटे पवन राम के रूप में की गई। खबर मिलते ही गांव में कोहराम मच गया। जानकारी के अनुसार पटना-मसौढ़ी एनएच पर देर रात एक अज्ञात वाहन ने बाइक सवार युवक कुचल डाला और भाग गया। मौके पर पहुंचे गौरीचक थानेदार रणजीत कुमार ने उसे एनएमसीएच भेजा। पुलिस के मुताबिक इलाज के दौरान पवन की मौत हो गई। इसके बाद परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। पुलिस ने परिजनों को समझा बुझाकर शांत कराया और शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया।
बिहटा। 559अप सवारी गाड़ी से बिहटा स्टेशन पर गिरकर एक युवक की मौत हो गई। बताया जाता है कि अत्यधिक भीड़ के कारण उसका संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर पड़ा। सूचना पर जीआरपी टीम मौके पर पहुंची। लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस टीम ने शव को पोस्टमार्टम के लिए दानापुर भेज दिया है। मृतक की पहचान भोजपुर जिले के असनी गांव के 22 वर्षीय टिंकू कुमार के रूप में की गई है। टिंकू सवारी गाड़ी से आरा जा रहा था। बिहटा स्टेशन पर गाड़ी में काफी भीड़ होने के कारण उसका संतुलन बिगड़ गया और वह चलती ट्रेन से गिर पड़ा। जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।