- Hindi News
- छात्रों ने तीन दुकानदारों का सिर फोड़ा, राहगीरों को पीटा, लोगों ने किया हंगामा
छात्रों ने तीन दुकानदारों का सिर फोड़ा, राहगीरों को पीटा, लोगों ने किया हंगामा
सैदपुरहॉस्टल के 40 से अधिक छात्रों ने बुधवार को सैदपुर-प्रेमचंद गोलंबर के बीच जमकर तांडव मचाया। छात्रों ने तीन दुकानदारों का सिर फोड़ दिया। सड़क पर राहगीरों की लाठी-डंडे से पिटाई कर दी। इससे इलाके में दहशत के साथ-साथ अफरा-तफरी मच गई। छात्रों की मनमानी से स्थानीय लोगों में जबरदस्त गुस्सा फैल गया। नाराज लोग गोलबंद होकर छात्रों से मुकाबला करने लगे। इसके बाद पूरा इलाका रणभूमि में तब्दील हो गया। इस बीच घटना की सूचना पुलिस को दी गई, लेकिन मौके पर पहुंचने में पुलिस को आधे घंटे लग गए। इस दौरान दोनों तरफ से जमकर मारपीट, पथराव हुआ। स्थानीय लोगों की संख्या बढ़ते देख छात्र मौके से भाग निकले, जबकि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सड़क पर टायर जलाकर लोगों ने घंटों प्रदर्शन किया। मौके पर पहुंची तीन थानों की पुलिस के साथ भी लोगों की तीखी नोकझोंक हो गई। हॉस्टल छात्रों की मनमानी पर लगाम कसने की मांग करते हुए लोगों ने हटने से इनकार कर दिया। कदमकुआं और पीरबहोर पुलिस ने बलप्रयोग कर लोगों को हटाया।
सैदपुर हॉस्टल के छात्र और स्थानीय लोगों में मारपीट के बाद छानबीन करती पुलिस।
एसएसपी जितेंद्र राणा ने कहा कि आरोपी छात्र की तस्वीर पुलिस को मिल गई है। उसका मोबाइल नंबर भी दुकान से मिला है। उसे पुलिस तलाश रही है। जिन लोगों ने कानून हाथ में लिया है, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पता लगाया जा रहा है कि छात्र किस हॉस्टल के थे। स्थानीय लोगों ने कहा कि आरोपी छात्र की मनमानी सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। जिसे पुलिस को सौंपा जा रहा है। घटना के बाद कदमकुआं पुलिस ने 30-40 अज्ञात छात्रों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
मोबाइल रिचार्ज का पैसा मांगने पर शुरू हुआ विवाद
एसएसपीजितेंद्र राणा ने बताया कि झड़प की पृष्ठभूमि में मोबाइल रिचार्ज दुकानदार और छात्र के बीच का विवाद है। स्थानीय लोगों ने भी कहा कि एक छात्र दोपहर में उषा टेलीकॉम पहुंचा और यह कहते हुए पैसे मांगने लगा कि उसके मोबाइल में वाउचर रिचार्ज नहीं हुआ है। दुकानदार सुबोध ने छात्र से कहा कि उसे रिचार्ज के लिए कोई पैसा नहीं मिला। इस बात पर दोनों का विवाद हो गया। इसके बाद बहादुरपुर की ओर से आए छात्रों के समूह ने सुबोध की पिटाई कर दी। सुबोध के अलावा चाय दुकानदार नागेंद्र प्रसाद और गोपाल जनरल स्टोर के राकेश को भी पीट दिया। तीनों के सिर पर चोटें आई हैं। बाद में छात्रों ने राहगीरों को पकड़ कर पीटा।
फायरिंगकी अफवाह
सैदपुरहॉस्टल के छात्रों ने दुकानदारों की पिटाई करने के बाद एक कोचिंग संस्थान के अंदर प्रवेश कर उसके संचालक की पिटाई भी शुरू कर दी। इसी दौरान हवाई फायरिंग की अफवाह फैल गई। हालांकि पुलिस ने आधिकारिक रूप से इसकी पुष्टि नहीं की। कदमकुआं पुलिस के अनुसार फायरिंग की कोई जानकारी नहीं है।
आरोपी छात्र की हुई शिनाख्त, पुलिस ने शुरू की तलाश