खाली जगह पर जरूर लगाएं एक पौधा : एमडी
पटना| दैनिकभास्कर के एक पेड़, एक जिंदगी कार्यक्रम के तहत मंगलवार को बिहार राज्य आवास बोर्ड के एमडी देवेंद्र कुमार शुक्ला ने आवास बोर्ड मुख्यालय में पौधारोपण किया। वन विभाग में अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक के पद पर तैनात शुक्ला आवास बोर्ड के साथ-साथ बुडको के एमडी के अतिरिक्त प्रभार में हैं। मैंगल्स रोड स्थित बोर्ड मुख्यालय के प्रांगण में उन्होंने हरसिंगार का पौधा लगाया। इस मौके पर आवास बोर्ड के राजस्व पदाधिकारी शत्रुंजय मिश्र समेत कई अधिकारी-कर्मचारी मौजूद थे। उन्होंने भास्कर के अभियान की सराहना करते हुए कहा कि एक पेड़ से हजार जिंदगियां जुड़ी होती हैं। इसलिए अपने परिवेश में और आसपास जहां भी उपयुक्त खाली जगह हो, पौधे जरूर लगाना चाहिए। बिहार राज्य आवास बोर्ड की परिकल्पना भी ग्रीन बिल्डिंग बनाने की है ताकि लोगों को रहने के घर के साथ खुली हवा में जीने का सपना पूरा हो सके।
एक पेड़, एक जिंदगी कार्यक्रम के तहत आवास बोर्ड के एमडी देवेंद्र कुमार शुक्ला ने बोर्ड मुख्यालय में पौधा लगाया।