- Hindi News
- तंबाकूमुक्त शहर बनाने के लिए तेज होगा अभियान
तंबाकूमुक्त शहर बनाने के लिए तेज होगा अभियान
तंबाकूके उपयोग को रोकने के कानूनों का सख्ती से पालन कराने और शहर में तंबाकू उत्पादों की बिक्री रोकने और उसमें लगे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने जैसे मुद्दों को लेकर शुक्रवार को डीएम आफिस के काॅन्फ्रेंस हॉल में सेमिनार आयोजित किया गया। मौके पर एडीएम लॉ एंड ऑर्डर, स्वर भारती ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे शहर में तंबाकू उपयोग पर रोक के लिए तेजी से अभियान चलाएं, ताकि 26 जनवरी 2015 तक शहर को स्मोक फ्री बनाया जा सके। सेमिनार में डिस्ट्रिक्ट टोबैको सेल के डॉ. रजनीश चौधरी ने शहर में तंबाकू उत्पादों की बिक्री रोकने के लिए अबतक क्या प्रभावी कदम उठाए गए हैं, इस पर चर्चा की।
सीड्स के क्षेत्रीय निदेशक बीएन पटनायक ने कहा, कई तंबाकू उत्पाद कंपनियां ग्राहकों को लुभाने के लिए जो तरीके अपना रही हैं, वे अवैध हैं। इन सबके खिलाफ कड़ाई से पेश आना होगा। यूनियन के टेक्निकल एडवाइजर आशीष पांडेय ने कहा, शहर को तंबाकू मुक्त बनाने के लिए बड़े स्तर पर प्लानिंग के साथ काम करना होगा। उन्होंने इस बाबत एक प्रेजेंटेशन भी दिखाया कि कैसे शहर को तंबाकूमुक्त करने के लिए प्रभावी अभियान की तैयारी है। सिविल सर्जन डॉ. कृष्ण कुमार मिश्र ने कहा कि सेमिनार के जरिए जो भी निर्देश मिले हैं और जो भी कानून हैं उसे लागू किया गया तो शहर तंबाकूमुक्त होगा।