पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • ठहरने को रैनबसेरा, ‌खाना ~30 में

ठहरने को रैनबसेरा, ‌खाना ~30 में

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
पटना. पीएमसीएच में भर्ती मरीज के परिजनों के लिए अगले माह से रैन बसेरा की सुविधा शुरू हो जाएगी। इमरजेंसी के पास रैन बसेरा बन गया है। वहां सिर्फ बेड की व्यवस्था करनी है। वहां सस्ती दर भोजन भी मिलेगा। रैन बसेरा में 60 बेड की व्यवस्था की जाएगी। मरीज के परिजन वहां आराम कर सकते हैं। हालांकि यहां मरीज के एक परिजन काे ही बेड मिलेगा।

रैनबसेरा में बेड के लिए न्यूनतम शुल्क लगेगा। रोगी कल्याण समिति से मंजूरी मिल चुकी है। जल्द टेंडर निकाला जाएगा। यहां सिर्फ बेड और बिछावन की व्यवस्था करनी है। डोरमेट्री के लिए शुल्क परिजन को देना होगा या नहीं, यह अभी तय नहीं हुआ है। बुधवार को प्राचार्य डॉ. एसएन सिन्हा ने बताया कि कई चीजें बनकर तैयार हो गई पर उद्घाटन का इंतजार है। उद्घाटन होते ही सेवाएं मिलने लगेंगी।

आईसीयू में 12 बेड की शुरू हो गई सुविधा

डॉ.सिन्हा ने बताया कि मेडिकल आईसीयू में 12 बेड की सुविधा बहाल कर दी गई है। यहां अब मरीज भर्ती किए जाएंगे। इसकी सुविधा शुरू होने पर छह बेड की मेडिकल आईसीयू की भी मरम्मत शुरू की जाएगी। पीएमसीएच के गेटवे का भी निर्माण हो रहा है। दोनों गेट को तोड़कर नए सिरे से बनाया जा रहा है। पांच मंजिला पोस्टमार्टम हाउस भी बन रहा है। यहां सभी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

रैन बसेरा में परिजन के लिए सस्ती दर पर भोजन की सुविधा शुरू करने की व्यवस्था हो रही है। तय किया गया है कि 30 रुपए में चावल, दाल, सब्जी, भुजिया या रोटी, दाल भुजिया सब्जी दी जाए। प्राचार्य ने बताया कि सर्जरी विभाग के पास एक और रैन बसेरा बनकर तैयार है। यहां कम से कम 50 लोग बैठ सकते हैं। यहां भोजन बनाने की भी सुविधा होगी। वैसे परिजन खुले में भोजन बनाते हैं। कोई खास जगह नहीं है, जहां वे आराम करें या फिर भोजन बनाएं।