- Hindi News
- साइंस कॉलेज में अशोक राजपथ की ओर से प्रवेश बंद
साइंस कॉलेज में अशोक राजपथ की ओर से प्रवेश बंद
पटना|साइंस कॉलेजमें लगातार हो रहे हंगामों के बाद कॉलेज प्रशासन सतर्क हो गया है। छात्रों को समझाने और उन पर बंदिश लगाने के बाद अब कॉलेज प्रशासन ने भविष्य में ऐसी घटनाएं रोकने का प्रयास शुरू कर दिया है। इसमें सबसे पहले कॉलेज के मुख्य द्वार को बंद करने का निर्णय लिया गया है। अशोक राजपथ पर स्थित कॉलेज का मुख्य द्वार अब कभी नहीं खुलेगा। इस संबंध में कॉलेज प्रशासन की ओर बुधवार को सभी स्नातक स्नातकोत्तर विभागों के विभागाध्यक्षों की बैठक में निर्णय लिया गया है। बैठक के बारे में प्राचार्य प्रो. यूके सिन्हा ने बताया कि कॉलेज प्रशासन फिलहाल इसी निर्णय पर पहुंचा है कि हम मुख्य द्वार बंद कर दें और कॉलेज से जुड़े छात्र, शिक्षक, कर्मचारियों आदि के प्रवेश के लिए कृष्णा घाट का द्वार खोल दिया जाए। इससे कैंपस के बाहर के लोगों के प्रवेश पर रोक लग सकेगी।
सुरक्षाव्यवस्था की गुहार: पटनाविश्वविद्यालय में लगभग महीने भर पहले ही 51 सुरक्षा गार्ड को रखा गया है। इसमें 10 बंदूकधारी भी हैं। सभी गार्डों को मिला कर लगभग छह लाख रुपए प्रति महीने वेतन पर खर्च किए जा रहे हैं। इन सुरक्षा गार्डों को विवि मुख्यालय के आसपास रखा गया है। इस प्रकार विवि मुख्यालय तो किला बन गया, लेकिन कॉलेजों की सुरक्षा के लिए पीयू प्रशासन ने कोई इंतजाम नहीं किया गया। अब कॉलेजों की परेशानी बढ़ी है, क्योंकि बाहरी तत्व कैंपस में घुसकर छात्रों को परेशान कर रहे हैं। इस स्थिति में कॉलेज प्रशासन भी सुरक्षा गार्ड की नियुक्ति करना चाहते हैं, लेकिन उनके पास फंड की दिक्कत है। साइंस कॉलेज के प्राचार्य प्रो. सिन्हा ने बताया कि कॉलेज की आमदनी का 40 फीसदी विवि प्रशासन को दिया जाता है। ऐसे में कॉलेज के पास फंड की कमी है। हम प्रयास में हैं कि या तो पीयू प्रशासन सुरक्षा के इंतजाम कर दे या फिर लिए जाने वाले फंड में कटौती करे।