- Hindi News
- बस ने बाइक सवार को मारा धक्का, चालक की पिटाई
बस ने बाइक सवार को मारा धक्का, चालक की पिटाई
एनएचपर पटना सेंट्रल स्कूल के पास बुधवार सुबह साढ़े 9 बजे बीएसआरटीसी की बस बीआर01पीसी-2822 ने उसी दिशा से जा रहे बाइक चालक रामकृष्णानगर निवासी उमेश को धक्का मार दिया। बस छपरा-सीवान जा रही थी। उमेश अपने एक दोस्त के साथ घर की ओर जा रहा था। हादसे में उमेश का हाथ और पैर टूट गया। वहां मौजूद लोग यह देख कर भड़क गए। दौड़ा कर लोगों ने बस को रोका और सभी यात्रियों को उतारने के बाद बस में तोड़फोड़ शुरू कर दी। बस के सभी शीशे तोड़ डाले। लोगों का गुस्सा चालक प्रमोद पर भी फूटा। उसे उतार कर लोगों ने उसकी बुरी तरह पिटाई कर दी। तब तक सूचना पाकर कंकड़बाग पुलिस घटनास्थल पहुंच गयी थी।
कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने चालक को लोगों के चंगुल से छुड़ाया। घायल उमेश और प्रमोद इलाजरत हैं। गुस्साए लोगों ने लगातार हो रहे सड़क हादसों से नाराज होकर 15 मिनट तक सड़क को जाम कर दिया। इससे आवागमन बाधित हो गया। सैकड़ों वाहन जाम में फंस गए। पुलिस ने समझा बुझा कर लोगों को हटाया। इसके बाद आवागमन सामान्य हुआ। पुलिस बस को जब्त कर थाने ले आयी है।
यात्री रहे परेशान
लोगोंके गुस्से का शिकार केवल चालक नहीं बना। यात्रियों को भी इससे काफी परेशानी हुई। यात्रियों को बीच सड़क पर उतार दिया गया। कोई ऑटो से तो कोई दूसरी बस में सवार होकर वहां से निकला। यात्रियों का करीब एक घंटा सड़क पर ही बीता। लोग वापस बस स्टैंड दूसरी गाड़ी से जाने की व्यवस्था करने लगे।