आठ लाख नगदी के साथ छह हत्थे चढ़े
घूूस लेते बैंक मैनेजर गिरफ्तार
फिरौती लेते दो पकड़े गए, व्यवसायी मुक्त
जिलामुख्यालय स्थित बैंक आॅफ इंडिया के शाखा प्रबन्धक ओम प्रकाश प्रसाद को सीबीआई टीम ने रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। एक बिचौलिया ममता जैन को भी शाखा परिसर से ही गिरफ्तार किया गया।
टीम में शामिल इंस्पेक्टर अलय कुमार के अनुसार शाखा प्रबन्धक ने ग्रुप लोन में 6 युवकों को ऋण देने के लिये प्रति युवक 6-6 हजार रुपये घूस की मांग की थी। चार युवकों ने महिला बिचौलिया ममता जैन के माध्यम से रिश्वत दे भी दी थी। पर किशनगंज प्रखंड के हालामाला के युवक निशांत अंजुम और कोचाधामन के युवक कफिस अहमद ने शाखा प्रबंधक के द्वारा रिश्वत मांगने की शिकायत सीबीआई, पटना को कर दी। तत्काल सीबीआई की टीम ने किशनगंज में इसकी छानबीन की। जैसे ही दोनों युवकों ने शाखा प्रबन्धक को रिश्वत की राशि 12 हजार दी टीम ने मैनेजर को गिरफ्तार कर लिया। सीबीआई द्वारा शाखा प्रबंधक के आवास में भी छापेमारी की गई।
भागलपुर |नारायणपुर थाना क्षेत्र के मधुरापुर बाजार के भोजू टोला निवासी दवा व्यवसायी अशोक शर्मा को पुलिस ने बुधवार को खगडिय़ा स्टेशन के समीप मालगोदाम से बेहोशी की हालत में बरामद कर लिया। व्यवसायी के परिजनों से दो लाख फिरौती की रकम वसूलते समय दो अपराधियों को पुलिस ने रंगेहाथ दबोच लिया। अपराधी परबत्ता (खगडिय़ा) थाना के सिराजपुर गांव के संतोष कुमार दास मानसी के अमरी गांव निवासी रतन कुमार उर्फ रवि है।
मुजफ्फरपुर |जिले के विभिन्न स्थानों से अवैध वसूली कर रहे छह फर्जी पत्रकारों को गायघाट पुलिस ने मैठी टॉल प्लाजा के समीप से गिरफ्तार किया। उनके पास से आठ लाख नगदी भी बरामद की गयी है। वहीं उनकी गाड़ी जब्त कर ली गयी। गिरफ्तार लोगों में दो युवतियां भी शामिल हैं। आठ लाख रुपए, महंगे कॉस्मेटिक सामान, कपड़े आदि बरामद किए गए। इन लोगों के पास से यूपी के बाराबंकी स्थित एक निजी चैनल का पहचान पत्र मिला है।