- Hindi News
- अगले माह बिहार आएगी ब्रिटिश निवेशकों की टीम : मुख्यमंत्री
अगले माह बिहार आएगी ब्रिटिश निवेशकों की टीम : मुख्यमंत्री
राज्यमें निवेश की संभावनाएं ढूंढ़ने ब्रिटिश उद्यमियों का एक समूह अगले माह बिहार आएगा। इसमें स्वास्थ्य क्षेत्र, पनबिजली और कचरा प्रबंधन में काम करने वाले लोग प्रमुख हैं। अपने पांच दिनों की लंदन यात्रा को पूरी तरह सफल बताते हुए मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने यह जानकारी दी। शुक्रवार को पटना लौटे मुख्यमंत्री ने हवाईअड्डे पर कहा कि लंदन में कई निवेशकों ने बिहार में सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल खोलने की इच्छा जताई है। शेषपेज|10 पर
अगले माह बिहार...
मांझीने कहा कि हमने वहां मुलाकात के दौरान चिकित्सकों, उद्यमियों और शिक्षाविदों को कहा कि यहां आकर ज्यादा से ज्यादा निवेश करें। राज्य सरकार हर तरह का सहयोग करेगी।
बिहार में आठ से दस प्राइवेट विवि की संभावना
मुख्यमंत्री ने कहा कि लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स में बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में भाषण देने का अवसर मिला, यह गौरव की बात है। एक भोज में लंदन में भारतीय उच्चायुक्त ने भी निवेशकों से बिहार में दिलचस्पी लेने का अनुरोध किया। कई शिक्षाविदों ने यह जानना चाहा कि बिहार में प्राइवेट विश्वविद्यालय खोले जाने की संभावना है अथवा नहीं। मैंने उन्हें बताया कि बिहार में आठ से दस प्राइवेट विश्वविद्यालय खोले जाने की संभावना है। उनलोगों ने यहां निवेश करने में अपनी इच्छा दिखाई।
बिहार में कच्चे माल की है उपलब्धता
मुख्यमंत्री ने कहा कि बर्मिंघम में धनिया, चावल, गेहूं और अन्य फलों की प्रोसेसिंग को देखा। साथ ही, उन्हें बताया कि बिहार में केला, मकई, लीची के साथ कई तरह के फल और सब्जियां कच्चे माल के रूप में उपलब्ध हैं। उनलोगों ने भी हमारे प्रस्ताव में दिलचस्पी दिखाई। मैंने उन्हें अपने गांव का एक उदाहरण देकर बताया कि एक किसान ने एक एकड़ में धनिया की खेती की आय से अपनी बेटी की शादी अच्छे ढंग से की।
कचरा से बिजली बनते देखा : मांझी
मुख्यमंत्री ने कहा कि यात्रा के क्रम में कचरे से बिजली उत्पादन के प्लांट को देखने का अवसर मिला। वे लोग बिहार में कचरा से बिजली बनाने को तैयार हैं। जल प्रबंधन के माध्यम से भी बिजली उत्पादन होते देखा। उत्तर बिहार में चौर और तालाब की संख्या बहुत अधिक है। मैंने कहा है कि इस क्षेत्र में भी राज्य सरकार उन्हें हरसंभव सहायता देगी।