- Hindi News
- धनरुआ थाना में घुस ग्रामीणों ने थानाध्यक्ष का सिर फोड़ा
धनरुआ थाना में घुस ग्रामीणों ने थानाध्यक्ष का सिर फोड़ा
सात को गिरफ्तार किया गया था
धनरुआथाना के अवधरा मंदिर के पास पटना-गया मुख्य सड़क मार्ग पर शुक्रवार की सेर शाम बाइक पर सवार दो युवकों के साथ लूटपाट कर रहे सात बदमाशों पुलिस ने मौके पर ही पकड़ लिया। पुलिस उन सातों बदमाशों को धनरुआ थाना ले आयी।
इसकी सूचना जब सिरिया गांव के लोगों को मिली तो वे उसे रहा कराने 30-40 की संख्या में लाठी-डंडों के साथ धनरुआ थाना पहुंच गए और बदमाशों की रिहाई की मांग करने लगे। इस पर पुलिस ने उन्हें रिहा करने से मना कर दिया। इस दौरान पुलिस और गांव वालों में नोकझोंक और हाथापाई हुई। इस दौरान थानाध्यक्ष अमेरिका राम का सिर फट गया और वे जख्मी हो गए, इस घटना में अन्य पुलिस कर्मी भी चोटिल हो गए।
घटना की सूचना मिलने पर मौके पर मसौढ़ी एएसपी राशिद जमा भी पहुंच गये और हंगामा कर रहे लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन लोग नहीं माने और वे गिरफ्तार लोगों की बिना शर्त रिहाई की मांग पर अड़े रहे। दरअसल, गुरुवार की देर शाम भखड़ी गांव निवासी सोधन कुमार पभेड़ी मोड़ स्थित अपनी मोबाइल दुकान बंद कर अपने एक रिश्तेदार के साथ बाइक से घर जा रहा था। इसी बीच अवधरा मंदिर के पास घात लगाये 10-12 बदमाशों ने बाइक रुकवा कर उसके साथ मारपीट करते हुए बाइक समेत एक सोने की चेन और मोबाइल लूट लिया। इस घटना की जानकारी किसी ग्रामीण ने पुलिस को दे दी और पुलिस बिना देर किए मौके पर पहुंच गयी। इस दौरान पुलिस ने मौके से 7 लोगों को गिरफ्तार कर लिया, पकड़े गए सभी लोग धनरुआ के सीरिया गांव के रहने वाले बताए जाते हैं। पुलिस सातों को लेकर थाना पहुंची तो कुछ ही देर के बाद सीरिया गांव से 30-40 की संख्या में ग्रामीण लाठी पैना के साथ थाने पहुंच गए और बिना किसी शर्त रिहाई की मांग करने लगे।