पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • रोक के बावजूद बड़े वाहन चल रहे, रोज लग रहा जाम

रोक के बावजूद बड़े वाहन चल रहे, रोज लग रहा जाम

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
खगौल-शिवालामार्ग पर दानापुर स्टेशन के पूर्वी रेलवे क्रॉसिंग से शिवाला तक जाम अब आम हो चुका है। बुधवार को इस मार्ग पर रुक-रुक कर कई घंटों तक जाम लगा रहा। ट्रैक्टर और ट्रक सहित अन्य भारी वाहनों की लंबी कतार से रोजाना जाम की स्थिति बनी रहती है। यातायात सुचारू करने में पुलिस को घंटों मशक्कत करनी पड़ती है। इसके बावजूद स्थिति जस की तस बनी रहती है।

दानापुर, खगौल बाजार और फुलवारीशरीफ के लोग आने-जाने में ही हलकान रहते हैं। खासतौर पर एम्बुलेंस और स्कूल वाहनों को भारी परेशानी उठानी पड़ती है। महज कुछ मीटर की दूरी तय करने में घंटों लग जाते हैं। इसका मुख्य कारण स्टेशन के पूर्वी छोर स्थित क्रॉसिंग पर चल रहे आरओबी निर्माण कार्य है। इस वजह से यहां सड़क की चौड़ाई कम हो गई है।

आरओबी निर्माण के लिए 6 दिसम्बर 2012 को जिलाधिकारी ने आदेश जारी करते हुए इस मार्ग पर भारी वाहनों के परिचालन पर रोक लगा दी थी। जिसके अनुसार पटना से बिहटा की ओर जाने वाले वाहनों को फुलवारीशरीफ गोलंबर से भुसौला और नौबतपुर होते हुए शिवाला मोड की ओर जाना था। इस आदेश से संबन्धित सूचना पट्ट कई स्थानों पर लगाया गया था। लेकिन ट्रैफिक पुलिस की उदासीनता की वजह से कुछ दिनों तक बंद रहने के बाद इस मार्ग पर फिर भारी वाहनों का परिचालन शुरू हो गया।

पटना से बिहटा की अोर जाने वाले भारी वाहनों को फुलवारीशरीफ गोलंबर से ही डाइवर्ट कर भुसौला-नौबतपुर मार्ग से शिवाला मोड़ की ओर भेज दिया जाए। इसी प्रकार बिहटा की ओर से आने वाले वाहनों को शिवाला मोड़ से डाइवर्ट कर नौबतपुर भुसौला होते हुए फुलवारी गोलंबर की ओर भेजा जाए। दानापुर स्टेशन से पश्चिम स्थित रैक पर सीमेंट और अन्य माल उतारने की दिशा में चुनिन्दा वाहनों का परिचालन खगौल पुलिस की सहायता से किया जा सकता है।

^ट्रैफिक पुलिस समस्या से अवगत है। बल की कमी से फुलवारीशरीफ गोलंबर और शिवाला पर ट्रैफिक जवानों की तैनाती नहीं हो पा रही है। ट्रैफिक एसपी से विचार विमर्श कर शीघ्र ही कदम उठाए जाएंगे। -नरेशमोहन झा, ट्रैफिक डीएसपी

खगौल-शिवाला मार्ग पर बुधवार को लगा जाम।