ह्यू -2015 : बेहतरीन फैशन डिजाइनिंग
पटनावीमेंस कॉलेज में गुरुवार को फैशन शोकेस ह्यू-2015 की शुरुआत हुई। फैशन डिजाइनिंग डिपार्टमेंट की पीजी डिप्लोमा की स्टूडेंट्स ने ह्यू प्रदर्शनी में लगाए गए कलेक्शन को तैयार किया है। राजकीय महिला कॉलेज की पूर्व प्रिंसिपल डॉ. सरिता रोहतगी ने शोकेस का उद्घाटन किया। इस वर्ष शोकेस की थीम है, ह्यू जिसका मतलब होता है, रंग। प्रदर्शनी में लगाएं गए ट्रेंडी कलेक्शन एक साल के अंदर स्टूडेंट्स ने तैयार किया है। यह प्रदर्शनी तीन दिनों तक चलेगी, जो कि 14 फरवरी को खत्म होगी। इस मौके पर कॉलेज की प्रिंसिपल डॉ. मारी जेसी एसी, सिस्टर आमांदा एसी, सिस्टर एम रीमा एसी, विभाग की फैकल्टी डॉ. शेमुशी मधु, आशा पांडेय, गीतांजलि चौधरी और प्रियंका सिंह मौजूद रहीं।
स्टूडेंट्स ने कुर्ते, स्टोल, दुपट्टे, ड्रेस मटेरियल पर काफी बारीकी से पेंटिंग की है। अजंता और मिथिला पेंटिंग की पैटर्न और रंगों से प्रेरणा लेकर उन्होंने उन डिजाइन्स को कपड़ों पर बनाया है। वहीं टेक्सटाइल ओर्नामेंटेशन और होम फैशन के एड ऑन कोर्स की स्टूडेंट्स ने भी ब्लॉक प्रिंटिंग, स्क्रीन प्रिंटिंग की डिजाइन के साथ लिनेन से घर में इस्तेमाल होने वाली होम फैशन क्राफ्ट बनाए।
डिपार्टमेंट की दस स्टूडेंट्स की टीम ने प्रदर्शनी के लिए कुछ खास ड्रेस बनाएं हैं। टीम ने एक खास गाउन तैयार किया है, जो कि गिफ्ट को सजाने वाले रिबन से बनाया गया है। स्टूडेंट्स नॉन फैब्रिक मटेरियल का इस्तेमाल कर पूरे गाउन को कवर किया है।
गिफ्ट रीबन से बना खूबसूरत गाउन।