पटना/दानापुर | डायरेक्टोरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलीजेंस (डीआरआई) ने गुरुवार को पटना में गांधी सेतु के पास पांच किलोग्राम अफीम बरामद की है। इस मामले में दो लोगों नईम अलवी (21 वर्ष) और शकील अहमद(55 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। बरामद अफीम की कीमत करीब पांच करोड़ रुपए है। नईम और शकील दोनों बरेली के रहने वाले हैं। अफीम का यह कंसाइनमेंट सिलीगुड़ी से बस से पटना लाया जा रहा था। फिर ट्रेन से बरेली ले जाया जाना था। डीआरआई को सूचना मिली थी कि नार्थ ईस्ट से अफीम बस से पटना लाई जा रही है।
सूचना के आधार पर डीआरआई की टीम ने गांधी सेतु के पटना छोर पर एक बस को रुकवाकर जांच शुरू की। जब दोनों के बैग की तलाशी शुरू हुई तो अफीम की एक-एक किलो के पांच बंडल पकड़े गए। डीआरआई सूत्रों के अनुसार गिरफ्तार नईम और शकील ड्रग ट्रैफिकिंग के रैकेट से जुड़े हैं और इस रैकेट का कनेक्शन टेरर फंडिंग से भी बताया जा रहा है। पूरे कारोबार का लेन-देन हवाला के जरिए होता है। नईम और शकील पहले से इस धंधे से जुड़े रहे हैं और यह उनकी पहली खेप नहीं थी। दोनों के पास से कई क्रेडिट और डेबिट कार्ड बरामद किए गए हैं।
अफीम की गंध दबाने को थैले में भर रखी थी अदरक
नईम और शकील ने अफीम के गंध को दबाने के लिए थैले में अदरक भर रखी थी ताकि बस में बैठे लोगों को पता न चले। डीआरआई ने जब जांच शुरू की उस वक्त भी दोनों यह मानने को तैयार नहीं थे कि थैले में अफीम है। पूछताछ में दोनों ने यह खुलासा किया है कि अफीम का यह कंसाइनमेंट सिल्लीगुड़ी में एक शख्स ने उन्हें दिया था जिसे बरेली में एक दूसरे व्यक्ति को सौंपना था। पूछताछ में उन्होंने रैकेट से जुड़े कुछ लोगों के नाम भी बताए हैं। उनको पकड़ने के लिए डीआरआई ऑपरेशन कर रही है।