पटना. जदयू के विधायक अनंत कुमार सिंह भाजपा नेता
सुशील कुमार मोदी के खिलाफ मानहानि का मुकदमा करेंगे। रविवार को प्रेस कांफ्रेंस में सिंह ने कहा कि मोदी मेरे और मॉल के खिलाफ लगातार गलतबयानी कर रहे हैं। पटना नगर निगम के आयुक्त उनके एजेंट की तरह काम कर रहे हैं। मैंने मेयर बनने में अफजल इमाम की मदद की तो मोदी और आयुक्त मेरे खिलाफ हो गए।
वहीं अनंत के वकील ने कहा कि नगर आयुक्त ने पुलिस को जो पत्र लिखा है वह पूरी तरह से अवैध है। आयुक्त के खिलाफ हाईकोर्ट में अपील की जाएगी। अनंत ने कहा कि मॉल का निर्माण 2009 में शुरू हुआ। इसे समय सीमा के भीतर नगर निगम द्वारा पास कराए गए नक्शे के अनुसार 2012 में पूरा करा लिया गया।
उसी समय इसे पटना सेंट्रल को किराए पर दे दिया गया था। फिर इसके 26 सितम्बर को उदघाटन का सवाल कहां उठता है? पटना सेंट्रल ने दुर्गापूजा के अवसर पर विशेष आयोजन किया जिसे उदघाटन कह कर दुष्प्रचारित किया जा रहा है।
नगर निगम ने छठे और तथाकथित सातवें तल्ले को तोडऩे का आदेश दिया है। यह गलत है। हाईकोर्ट में एक मामले में पहले ही स्पष्ट कर दिया है कि नक्शा के हिसाब से निर्माण होने पर एनओसी लेने की जरूरत नहीं है। मोदी को यह बताना चाहिए कि उनके रिश्तेदार ने राष्ट्रकवि के मकान पर कब्जा क्यों किया है?