पटना. अंजुमन इस्लामिया हॉल का लुक बदलने वाला है। अशोक राजपथ, पटना मार्केट के सामने स्थित मौजूदा भवन को तोड़कर नया भवन बनाया जाएगा। यह बेसमेंट के साथ सात मंजिला होगा। इसे बनाने में लगभग 35 करोड़ रुपए खर्च होंगे। यह भवन बिहार सुन्नी वक्फ बोर्ड का है। बोर्ड ने भवन निर्माण विभाग को नया भवन बनाने का प्रोजेक्ट बनाकर भेज दिया है। साथ में नक्शा भी भेजा गया है। निर्माण का पूरा खर्च राज्य सरकार उठाएगी। भवन निर्माण की हरी झंडी मिलने के बाद बोर्ड के इस मेगा प्रोजेक्ट पर काम शुरू हो जाएगा। सात मंजिला भवन का कारपेट एरिया लगभग 11 हजार वर्ग फीट होगा।
बेसमेंट में बनेगा पार्किंग एरिया
बेसमेंट में वाहनों के लिए पार्किंग एरिया बनेगा। दूसरी मंजिल पर नॉन एसी कम्यूनिटी हॉल, इबादतगाह, लावारिस लाशों के लिए जनाजे की नमाज के लिए जगह होगी। तीसरी मंजिल पर सेंट्रल एसी के साथ कम्यूनिटी हॉल के अलावा वोकेशनल एजुकेशन के लिए कमरे बनेंगे। चौथी मंजिल पर कांफ्रेंस हॉल तथा कल्याणकारी योजनाओं के लिए दफ्तर बनेंगे। पांचवी, छठी व सातवीं मंजिल पर शॉपिंग कॉम्प्लेक्स बनेगा।
भवन का इतिहास
पटना के चंद प्रख्यात मुसलमानों ने 1885 में पटना मार्केट के सामने एक वक्फ की बुनियाद रखी और अंजुमन इस्लामिया हॉल का निर्माण हुआ। इस भवन में मुसलमान अपने मिल्ली मसाएलों को हल करते थे। आपदा के वक्त पीड़ित इस भवन में आकर रहते थे। स्वतंत्रता संग्राम के समय महात्मा गांधी, जवाहर लाल नेहरू, अबुल कलाम आजाद समेत कई बड़े राजनेताओं का यहां कई बार भाषण हुआ। फिलहाल यहां मुस्लिम संगठनों की बैठक होती है। शादी-
विवाह व अन्य आयोजनों के लिए इसे बुक किया जाता है। रमजान के महीने में यहां तरावीह के साथ ही जुमे की नमाज होती है।
अंजुमन इस्लामिया हॉल के भवन को तोड़कर सात मंजिली इमारत बनाई जाएगी। 35 करोड़ का यह प्रोजेक्ट है। भवन निर्माण को पूरा प्रस्ताव भेज दिया गया है। इसका पूरा खर्च सरकार उठाएगी।
- मो. इरशादुल्लाह, चेयरमैन, बिहार राज्य सुन्नी वक्फ बोर्ड
(ऐसा होगा अंजुमन इस्लामिया हॉल का डिजाइन। प्रस्ताव के साथ नक्शा भी भेजा गया है।)