पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

बाढ़ बिजलीघर देगा 57% बिजली, अब 1162 की जगह मिलेगी 1884 मेगावाट बिजली

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
पटना. बाढ़ बिजलीघर में केंद्र ने बिहार की 57 फीसदी हिस्सेदारी तय कर दी है। इसके लिए स्टेज-1 और स्टेज-2 दोनों में बिहार का कोटा 702 मेगावाट बढ़ा दिया गया है। बिहार को पहले की अपेक्षा डेढ़ गुनी बिजली मिलेगी। बाढ़ बिजलीघर में 1162 मेगावाट की जगह अब बिहार को 1884 मेगावाट बिजली मिलेगी। बिजलीघर की क्षमता 3300 मेगावाट है। बिजलीघर के स्टेज-1 में 502 मेगावाट, जबकि स्टेज-2 में 199 मेगावाट बिजली अधिक मिलेगी। केंद्रीय ऊर्जा मंत्रालय ने 4 सितंबर को ही बिहार को इसकी सूचना दे दी है।
केंद्र के इस निर्णय के बाद फिलहाल बिहार को स्टेज-2 से अतिरिक्त बिजली मिलने लगेगी। स्टेज-1 का निर्माण कार्य अभी पूरा नहीं हो पाया है। बिजलीघर के दूसरे चरण की पहली यूनिट चालू हो चुकी है और अगले माह यहां से बिहार को 330 मेगावाट बिजली मिलने लगेगी। अगले छह माह बाद दूसरी यूनिट भी चालू होगी।
बंगाल अौर दिल्ली ने किया मना
ऊर्जा विभाग के अनुसार पश्चिम बंगाल और दिल्ली ने बाढ़ बिजलीघर में अपना कोटा लेने से मना कर दिया है। इसके बाद मंत्रालय ने बिहार को उस कोटे की बिजली देने का निर्णय लिया। हालांकि, बीच में यह बात भी सामने आई कि बिहार को दी गई अतिरिक्त बिजली तेलंगाना को देने का निर्णय लिया गया है। पर, ऊर्जा सचिव प्रत्यय अमृत के अनुसार केंद्र से राज्य को कोटे में कटौती की ऐसी कोई सूचना नहीं मिली है। केंद्रीय ऊर्जा मंत्रालय के अनुसार बिहार को पूरी बिजली मिलेगी।