बक्सर. बक्सर में जलहरा के इलाहाबाद बैंक में कर्मियों व ग्राहकों को बंधक बना अपराधियों ने 15 लाख रुपए लूट लिए। बुधवार को बैंक खुलने के करीब आधा घंटे बाद ही सुबह 10.45 बजे लुटेरे पहली मंजिल पर स्थित बैंक में प्रवेश कर गए और पीओ राजीव को पीटकर जख्मी कर दिया।
ग्राहकों व सभी कर्मियों से
मोबाइल लेकर उनको एक कमरे में बंद कर दिया। बैंक मैनेजर पंकज कुमार ने लॉकर की चाबी देने में आनाकानी की तो लुटेरों ने उनको भी पीटा। कैश काउंटर व लॉकर से करीब 15 लाख रुपए बटोर कर लुटेरे चलते बने। अपराधी छह की संख्या में थे और दो बाइक से पहुंचे थे। बैंक जिला मुख्यालय से 22 किलोमीटर दूर राजपुर थाना क्षेत्र में है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि अपराधी देसी कट्टों से लैस थे। बैंक में प्रवेश करते ही ग्राहकों व बैंककर्मियों को चालाकी करने पर जान लेने की धमकी दी।
दो डंडेधारी चौकीदारों के भरोसे बैंक की सुरक्षा
बैंक में सुरक्षा के लिए दो चौकीदार तैनात थे। उनके पास सुरक्षा के लिए दो डंडे थे। इन्हीं के भरोसे पुलिस ने बैंक छोड़ रखा था। बैंक का सायरन भी खराब था।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस : एसपी
एसपी जयंतकांत का कहना है कि बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरे चालू थे। फुटेज मंगवा कर देखे जा रहे हैं। लुटेरों ने अपने चेहरे नहीं ढंक रखे थे। फुटेज से पुलिस को मदद मिलने की उम्मीद है।
पहले भी हो चुकी है
इस बैंक में डकैती
2002 में भी यह बैंक लूटा गया था। बक्सर-सासाराम मेन रोड पर स्थित यह बैंक अपराधियों का सॉफ्ट टारगेट रहा है। यह बक्सर व रोहतास की सीमा पर है।
हाजीपुर में बैंक मैनेजर की हत्या
वैशाली के मंसूरपुर के क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक के मैनेजर इंद्रजीत कुमार सिंह को अपराधियों ने चाकू घोंप कर मार डाला। वह देर शाम साढ़े आठ बजे बैंक से अपने घर दिग्घी लौट रहे थे। नौरंगाबाद में अपराधियों ने घटना को अंजाम दिया। थानाध्यक्ष मो अमानुल्लाह ने बताया कि मैनेजर की हत्या क्यों की गई, इसकी छानबीन की जा रही है। प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।