फाइल फोटो: राजद सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव।
पटना. राजद सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने कहा है कि मेडिकल क्षेत्र से जुड़े व्यक्ति, संस्था और कंपनी की गतिविधियों पर निगरानी व पेशे की गुणवत्ता को निर्धारित करने के लिए स्वतंत्र आयोग का गठन किया जाए। लोकसभा में उन्होंने कहा कि चिकित्सा के क्षेत्र में नये-नये प्रतिमान स्थापित हो रहे हैं।
आधुनिक सुविधाओं से लैस अस्पताल खुल रहे हैं। लेकिन इनमें सर्वोच्च न्यायालय के द्वारा निर्धारित मानदंडों का पालन नहीं किया जा रहा है। इस दिशा में एमसीआई भी कोई कारगर कदम नहीं उठा रही है। अत: स्वास्थ्य सेवा से जुड़ी हर गतिविधियों पर निगरानी व नियंत्रण के लिए आयोग का गठन किया जाना चाहिए।
राजद सांसद ने कहा कि आजादी के बाद से ही देश में कलेक्टर राज चला आ रहा है। पंचायत से लेकर सचिवालय स्तर तक अधिकारियों की सुनी जाती है और आम आदमी का हित उपेक्षा व अनदेखी का शिकार होता है।
इस संबंध में सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि ऐसा कौन सा सिस्टम लाएंगे, जो कलेक्टर राज को खत्म कर सकेगा और आम आदमी का मान-सम्मान सुनिश्चित कर सकेगा। उन्होंने कहा कि सरकार ऐसा कानून बनाए जो आम आदमी के लिए हो। आम आदमी को सुलभ व शीघ्र न्याय मिल सके।