पटना. नीतीश को विधानमंडल दल का नेता चुने जाने के बाद सरकार बचाने के लिए मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी के कैंप में खलबली मच गई है। मांझी के समर्थक मंत्री और विधायकों पर जदयू की दो महिला विधायकों को धमकी देने का आरोप लग रहा है।
सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार मांझी सरकार में मंत्री रहीं बीमा भारती ने आरोप लगाया है कि उन्हें मांझी को समर्थन देने के लिए मंत्री विनय बिहारी और सुमित सिंह द्वाार धमकाया जा रहा है। सचिवालय थाने में बीमा भारती ने मंत्री विनय बिहारी और सुमित सिंह के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
आरोप के अनुसार उनके पति अवधेष मंडल पर कई केस चल रहे हैं, जिसके कारण उनपर दबाव बनाया जा रहा है। मांझी समर्थक विधायक विनय बिहारी और सुमित सिंह रविवार सुबह को उनसे मिलने आए थे और बीमा भारती से उनकी लंबी बात हुई थी। इसके बाद दोपहर को जदयू विधायक श्याम रजक बीमा भारती से मिलने पहुंचे।
विधायक सुनिता सिंह के पति को फोन कर दी धमकी
जदयू विधायक सुनिता सिंह ने आरोप लगाया है कि मांझी समर्थक मंत्री नरेंद्र सिंह ने उनके पति को फोन कर धमकी दी है। फोन पर कहा गया है कि मांझी सरकार को समर्थन दे नहीं तो बुरा होगा।