पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंबांका. भाजपा के लोग अलग-अलग आरोप लगा रहे हैं। 17 साल पहले जिस समय संबंध बना था, उस समय निर्णय लिया गया था कि न कोई विवादित व्यक्ति को आगे लाया जाएगा और न ही विवादित मुद्दों के लिए दबाव दिया जाएगा। गुजरात में जो कुछ हुआ, उसे भुलाया नहीं जा सकता और न ही माफी दी जा सकती है। केंद्र की सरकार से जनता में नाराजगी को देखते हुए भाजपा को लालच हो गया है। विश्वासघात हमने नहीं, भाजपा ने किया है। ये बातें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बांका जिले के रजौन प्रखंड के तेरह माईल चकमुनिया में संकल्प रैली के दौरान आयोजित एक सभा को संबोधित करते हुए कहीं।
हमने जोखिम उठाया
उन्होंने कहा कि देश का प्रधानमंत्री ऐसा होना चाहिए, जो सभी मजहबों को साथ लेकर चले। पिछड़े इलाके की चिंता करे। विकास के बारे में सोचे। जो इलाका आगे बढ़ा हुआ है, उसे आगे बढ़ाना तारीफ की बात नहीं है। हमने जोखिम उठाया है। सरकार रहे या जाए, इसकी परवाह नहीं। हम देश में सांप्रदायिक एकता को बनाए रखने का काम करेंगे। समाज के हर तबके के लोगों को साथ लेकर चलने की कोशिश करेंगे। न्याय के साथ विकास और कानून का राज स्थापित करना ही हमारा प्रमुख उद्देश्य है। पहले समाज में तनाव व्याप्त था। शाम तक कोई घर नहीं पहुंचता था, तो परिजनों को चिंता होने लगती थी। वैसे बिहार को हमने संवारने का काम किया है।
नीतीश कुमार के बैनर अंदर ले जाने को लेकर छात्र समागम और पुलिस के बीच हुई झड़प।
जदयू भागलपुर के पूर्व जिलाध्यक्ष लक्ष्मीकांत मिश्रा ने अपने संबोधन में रामदेव बाबू का नाम लिया, जबकि रामदेव नाम के कोई बाबू वहां उपस्थित नहीं थे।
डीएसपी शशि शंकर ने सभी पदाधिकारी का माइक पर आह्वान किया कि आप सभी अपने कर्तव्य वाले स्थान पर कर बैठ जाएं। बाद में सुधार कर कहा कि तैनात रहें। सभा के दौरान नवगछिया के पूर्व अध्यक्ष के नाम की घोषणा की गई, जबकि वह आई ही नहीं थीं।
जदयू के भागलपुर के जिलाध्यक्ष के भाषण के दौरान माइक खराब हो गया।
छात्र समागम के छात्रों ने नारा लगाया- आधी रोटी खाएंगे, नीतीश को लाएंगे। इस पर नीतीश कुमार ने कहा- अब आधी रोटी खाने की जरूरत नहीं, पूरी रोटी खाइए।
ये भी थे मौजूद
सभा को कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह, जल संसाधन मंत्री विजय चौधरी, सांसद भूदेव चौधरी, मनीष कुमार, जनार्दन मांझी, गिरधारी यादव, सुबोध राय, विधान पार्षद मनोज यादव, ओमप्रकाश मंडल ने भी संबोधित किया। अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह ने की।
जनता को नीतीश ने दिलाए तीन संकल्प
सांप्रदायिक सद्भाव कायम रखेंगे।
बिहार के विकास व तरक्की के लिए जरूर लड़ेंगे।
बेटा हो या बेटी सभी को स्कूल भेजेंगे।
नमो बने पीएम तो और बदतर होंगे दलितों के हालात : श्याम रजक
खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री श्याम रजक ने कहा कि नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद देश में दलितों की स्थिति और बदतर हो जाएगी। जदयू के प्रदेश कार्यालय में बुधवार को आहूत संवाददाता सम्मेलन में उन्होंने गुजरात सरकार पर जमकर निशाना साधा। मुंबई के टाटा इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल साइंसेज की रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि इसने नमो और उनकी सरकार की कलई खोल दी है।
आज भी गुजरात में 12 हजार से अधिक लोग सिर पर मैला ढोते हैं। इनमें से 90 फीसदी तो हाथों से मैला उठाते हैं। न्यायमूर्ति बालकृष्णन की अध्यक्षता में गुजरात गई राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग की टीम ने पाया कि वहां के 77 गांवों में दलितों को सामाजिक बहिष्कार के कारण गांव छोडऩा पड़ा। वहां दलित उत्पीडऩ के मामले पुलिस प्रशासन दर्ज ही नहीं करती है। कोली बहुल गांव में नर्मदा नदी का पानी नहीं दिया जाता। यह मानवता को शर्मसार करने वाला और नरेंद्र मोदी के वास्तविक विकास की सही तस्वीर दिखलाने वाला है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में चंदेश्वर चंद्रवंशी, नवल शर्मा, अजय आलोक भी मौजूद थे।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.