पटना. नेशनल गेम्स में शनिवार का दिन बिहार के लिए अच्छा रहा। इस बार बिहार के पुरुष तीरंदाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक पर कब्जा जमाया। इसके साथ ही केरल में हो रहे नेशनल गेम्स में बिहार के कुल पदकों की संख्या चार हो गई है। हालांकि बिहार के खिलाड़ी अभी गोल्ड नहीं जीत सके हैं। शनिवार को इंडियन राउंड टीम स्पर्द्धा में बिहार का सेमीफाइनल में मुकाबले सर्विसेज की टीम से हुआ।
बिहार के रोहित सोरेन, अनिल कुमार, दिनेश और राम सोरेन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज कर फाइनल में प्रवेश किया। हालांकि फाइनल में बिहार की टीम को मणिपुर के हाथों हार का सामना करना पड़ा। इस इवेंट में मणिपुर ने गोल्ड और केरल की टीम को कांस्य पदक मिला। तैराकी के पुरुष वर्ग में 100 मीटर फ्री स्टाइल में बिहार ने हिस्सा लिया, लेकिन क्वालिफाई नहीं कर सका। बिहार से कंचन कुमार ने निराशाजनक प्रदर्शन किया।