बेतिया/पटना. मझौलिया थाना सेनुवरिया पंचायत के अमवा मन बजार निवासी अधेड़ इंद्रजीत यादव की हत्या गला घोंटकर कर दी गई। वह अपने दालान में अपने पोते के साथ सोए हुए थे। पुलिस ने शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।
55 वर्षीय इंद्रजीत यादव अपने 13 वर्षीय पोते के साथ बुधवार की रात अपने दालान में सोए हुए थे। इसी बीच तीन बाइक पर सवार पांच अपराधी आए। पिस्टल के बल पर दोनों को जगाया और दोनों को कब्जे में लेकर रस्सी से इंद्रजीत का गला घोंट दिया।
अपराधियों के जाने के बाद मृतक के पोते नितेश कुमार ने इसकी सूचना परिजनों व ग्रामीणों को दी। इसके बाद पहुंची पुलिस ने मामले की छानबीन करनी शुरू कर दी। मृतक के भाई हरदेव यादव ने आरोप लगाया है कि पुराने विवाद को लेकर गांव के राजू सहनी ने नेपाल से अपराधियों को बुलाकर उनके भाई की हत्या की है। थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही खुलासा कर दिया जाएगा।