पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Bihar Education Department Getting Mathematics Physics Teachers

नहीं मिल रहे गणित-भौतिकी के शिक्षक

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

पटना. राज्य सरकार ने बड़ी संख्या में शिक्षकों की बहाली का निर्णय लिया। नियुक्ति प्रक्रिया जल्द समाप्त करने के लिए कैंप लगाया गया। इसमें भी आलम यह है कि प्लस टू स्कूलों के लिए गणित और भौतिकी के शिक्षक ही नहीं मिल रहे हैं। बुधवार को पटना जिले के नगर निकायों के प्लस टू शिक्षकों को नियुक्ति पत्र देने के लिए कैंप लगा। निगम समेत कई नगर परिषद और नगर पंचायत की नियोजन इकाई में गणित और भौतिकी शिक्षक के खाली पद से काफी कम अभ्यर्थी आए।

20 सीटों पर 9 अभ्यर्थी

पटना नगर निगम नियोजन इकाई में गणित शिक्षक की 20 सीटें थी। 41 अभ्यर्थियों को कैंप में बुलाया गया था, पर नौ ही पहुंचे। इस नियोजन इकाई में भौतिकी शिक्षक के 11 पद थे और दो अभ्यर्थी ही कैंप में आए।

सीटें छह,एक भी नहीं आए
मोकामा नगर परिषद में गणित और भौतिकी शिक्षक के तीन-तीन यानी कुल छह सीटें थी। यहां एक भी अभ्यर्थी नहीं आए। वहां मौजूद अधिकारी ने बताया कि भौतिकी के लिए एक भी आवेदक ही नहीं थे।

दानापुर का भी यही हाल
दानापुर नगर परिषद नियोजन इकाई में गणित शिक्षक के दो पद थे और कैंप में एक ही अभ्यर्थी पहुंचे। भौतिकी शिक्षक के दो पद थे, पर एक भी अभ्यर्थी नहीं आए। अन्य नियोजन इकाइयों में कमोबेश यही हाल रहा।

आज जिप शिक्षक का कैंप
पटना नगर निगम में 171 सीटों के खिलाफ 145 का चयन हुआ। इन 145 अभ्यर्थियों को कहा गया है कि दो दिनों के अंदर उन्हें नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे। 30 जनवरी को इन्हीं जिलों के जिला परिषद के प्लस टू शिक्षकों के लिए कैंप लगेगा। पटना, किशनगंज, बांका, मधुबनी, सीवान, शिवहर, शेखपुरा, सुपौल, पं चंपारण और रोहतास में कैंप लगा।

नौकरी तो मिली पर कम पगार का रहेगा अफसोस...
लंबे इंतजार के बाद शिक्षक नियोजन का पत्र मिला तो कैंडिडेट खुशी से झूम उठे। मन की मुराद पूरी हो गई। लेकिन, इन खुशियों के पलों में एक कसक भी थी। इतने कम पैसे में कैसे काम चलेगा... वेतन कब बढ़ेगा। हालांकि कुछ शिक्षकों ने कहा-जहां कुछ नहीं था, वहां एक अदद नौकरी तो मिली। केबी सहाय में लगे नियोजन शिविर में सबसे पहला नियोजन पत्र दोपहर दो बजे अभिलाषा कुमारी और संजीव कुमार को मिला। दोनों खुसरुपुर महादेवा उच्च विद्यालय में गृह विज्ञान और समाजशास्त्र विभाग में शिक्षक के पद पर योगदान देंगे। .