पटना. जनसंख्या कम करने के इच्छुक नव दंपत्तियों एवं जोड़ों को प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। इसके लिए केंद्र सरकार ने 100 करोड़ रुपए की राशि से कॉरपस फंड की स्थापना की है। यह जानकारी जनसंख्या स्थिरता कोष कार्यालय की अध्यक्ष डॉ. मधुलिखा भट्टाचार्य ने दी। वे सोमवार को बिहार राज्य स्वास्थ्य समिति सभागार में आयोजित कार्याशाला को संबोधित कर रही थीं। उन्होंने कहा कि जनसंख्या स्थिर करने के लिए दो विशेष योजनाएं चलाई जा रही हैं। उनमें एक है प्रेरणा योजना। इसके तहत नव दंपत्तियों को फेमिली प्लानिंग एवं परिवार कल्याण के लिए प्रेरित करने का काम किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि 19 वर्ष के बाद
विवाह करने वाले नव दंपत्तियों को दो वर्ष बाद बच्चा पैदा करने पर 10 हजार और बच्ची पैदा करने पर 12 हजार रुपए दिए जाते हैं। पहले बच्चे के जन्म के तीन वर्ष बाद दूसरा बच्चा पैदा करने पर पांच हजार रुपए एवं बच्ची पैदा करने पर सात हजार रुपए प्रोत्साहन राशि देने की योजना है।
दो बेटों के बाद स्टरलाइजेशन कराने पर 15 हजार रुपए जबकि एक बेटा और एक बेटी के बाद स्टरलाइजेशन कराने पर 17 हजार रुपए तथा दो बच्चियों की पैदाइश के बाद स्टरलाइजेशन कराने पर 19 हजार रुपए प्रोत्साहन राशि देने का प्रावधान है।
प्रेरणा योजना के तहत इस राशि की प्राप्ति के लिए बीपीएल कार्ड अथवा बीपीएल सूची में नाम होना एवं शादी का प्रमाण पत्र अनिवार्य है। साथ ही मां की आयु 30 वर्ष के अंदर ही होनी चाहिए। यह योजना बिहार समेत ओडीशा, उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, झारखंड एवं राजस्थान में चलाई जा रही है। उन्होंने कहा कि जनसंख्या कम करने के उद्देश्य से एक अन्य योजना संतुष्टि भी चलाई जा रही है। इसे 2008 में अधिक आबादी वाले राज्यों में शुरू किया गया था।