पटना. बुधवार की सुबह से ही राजधानी घने कोहरे के आगोश में था। वहीं ठंड ने भी लोगों को परेशान कर दिया है। पर धीरे-धीरे अब कोहर छट चुका है और जन-जीवन सामान्य हो गया है। सुबह कोहरा इतना घना था कि 8:50 बजे सड़क पर चलने वाले वाहनों में हेडलाइट जलानी पड़ी। पिछले करीब तीन-चार दिनों से ठंड में तो इजाफा हुआ था। पर कोहरे के असर से राजधानी मुक्त थी। लेकिन बुधवार को एक बार फिर घने कोहरे ने पटनावासियों को परेशान कर दिया। वहीं, गया में कालका मेल का इंजन फेल हो जाने से गाड़ी एक घंटे से ठहरी हुई है। इस वजह से पीछे से आ रही राजधानी एक्सप्रेस को पहाड़पुर स्टेशन पर रोक दिया गया है।
बताते चलें कि सोमवार की तरह ही मंगलवार की सुबह भी लोगों को तेज ठंड का सामना करना पड़ा था। लोग जगह-जगह अलाव जला कर ठंड से बचने का प्रयास कर रहे थे। पिछले तीन दिनों से मौसम में आए बदलाव का कारण सूरज और धरती के बीच नमी का एक घना लेयर बनना है। यह लेयर 600 मीटर से लेकर 1500 मीटर तक आसमान में ऊपर तक है। इसके चलते सूरज की किरणें धरती पर नहीं आ पा रही हैं। इस वजह से ठंड के साथ सिहरन बढ़ी है।
साथ ही हिमालय के इलाके में हो रही
बर्फबारी के कारण उत्तर-पश्चिम की ओर से चली ठंडी हवा से कनकनी बढ़ गई है। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार भी कमोबेश इसी तरह का मौसम बना हुआ था।
बिहार पर पड़ सकता है असर
एक फरवरी को एक सिस्टम आ रहा है। यह सिस्टम यूपी पर हिट करेगा, इससे वहां बारिश की संभावना बन सकती है। उसका असर बिहार पर भी पड़ सकता है। मौसम विभाग के निदेशक ने कहा कि अभी पक्के तौर पर कहना मुमकिन नहीं है कि इस सिस्टम का बिहार पर कितना असर पड़ेगा।