बिहारशरीफ/पटना. मुजफ्फरपुर के अहियापुर थाना क्षेत्र के न्यू आनंदपुवी मुहल्ला में बुधवार की रात एक पति ने अपनी पत्नी की चोटी से ही उसका गला दबा कर हत्या कर दिया। पत्नी का कसूर यही था कि उसके मायके वालों ने दहेज में बोलेरा नहीं दिया। शादी के समय तो पति राजेश कुमार
सोनी के घरवालों ने पूरे मन से शादी की पर कुछ दिनों बाद इनके नखरे बढ़ने लगे, जिसे लड़की के घरवाले पूरा करने में अक्षम थे।
बुधवार की रात इस घटना को अंजाम देने के बाद गुरुवार को राजेश कुमार अपने परिवार वालों के साथ थाने पहुंचा और इस हत्या को आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया, पर पुलिस के सामने उसका झूठ पकड़ा गया। राजेश की मां ने पुलिस के सामने सारा सच उगल दिया। वैशाली जिले के महुआ थाना क्षेत्र के राम सराय सिंघड़ा गांव निवासी दशरथ साह ने दो साल पहले अपनी बेटी हिना की शादी बेरई गांव के प्रमोद साह के पुत्र राजेश कुमार सोनी से की। फिलहाल राजेश अहियापुर थाना क्षेत्र के न्यूआन्नदपुरी मुहल्ला में रह रहा है।
हिना के पिता से कुछ दिनों से लड़केवाले बोलेरो खरीदने के लिए पैसे मांग रहे थे। पैसे नहीं मिलने पर हिना के साथ आये दिन मारपीट भी की जाती थी। पिता ने अपनी बेटी की दुर्दशा देख कर दामाद राजेश को एक आल्टो कार दे दी, पर इससे भी उनका दिल नहीं माना। गुरुवार को हिना के परिवारवालों को मुहल्ले के लोगों ने उसकी मौत की खबर दी। वे जब पहुंचे तो हिना का शव पलंग पर पड़ा था। राजेश दिल्ली में रह कर पढ़ाई करता है। राजेश के पिता केदारनाथ व्यवसाय करते हैं। डॉक्टरों ने बताया की हिना की गला दबने से मौत हुई है। राजेश और उसकी मां को जेल भेज दिया गया है। स्थानीय लोगों ने कहा कि बुधवार की रात में राजेश के घर से मारपीट की आवाज भी आ रही थी।