पटना. लोकसभा चुनाव को लेकर आरजेडी, कांग्रेस, एलजेपी और एनसीपी में गठबंधन होने की पूरी संभावना बन गई है। 26 जनवरी से ही दिल्ली में इस गठबंधन को लेकर तैयारियां चल रही थी। सूत्रों की मानें तो कांग्रेस के पदाधिकारियों के साथ इस मामले को लेकर बैठक भी हो चुकी है।
मिली जानकारी के अनुसार एलजेपी प्रमुख रामविलास पासवान की दिग्विजय सिंह से मुलाकात हो चुकी है और तभी से ये कयास लगाये जा रहे थे कि बिहार में महागठबंधन होने वाला है। वहीं, लालू यादव भी
राहुल गांधी से मिलने वाले हैं। अगर ये गठबंधन होता है तो बिहार में लोकसभा चुनाव त्रिकोणीय होगा। जहां जदयू और बीजेपी अपने दम-खम पर चुनाव लड़ेगी।
वहीं, आरजेडी, कांग्रेस, एलजेपी और एनसीपी एक साथ चुनाव में उतरेंगी। वरिष्ठ पत्रकार अरूण कुमार पांडे के अनुसार सत्तारूढ़ जदयू के खिलाफ ये मजबूत गठबंधन साबित हो सकता है। वहीं, वरिष्ठ पत्रकार सुरेन्द्र किशोर का कहना है कि ये गठबंधन मजबूत होगा और जदयू-बीजेपी को ये कड़ी टक्कर दे सकता है।
सूत्रों के अनुसार बिहार की कुल 40 सीटों में से 20 पर लालू यादव की पार्टी आरजेडी के उम्मीदवार चुनाव लड़ सकते हैं। कांग्रेस 10 सीटों पर, एलजेपी 8 और एनसीपी 2 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी। हालांकि अभी सीटों को लेकर कोई अधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।