पटना/रांची. आज झारखण्ड के गिरीडीह में नक्सलियों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया, जिसमें 8 आठ पुलिसकर्मी जख्मी हो गए। इस घटना के बाद बिहार पुलिस और भी अलर्ट हो गई है। जमुई और मुंगेर सहित कई नक्सल प्रभावित इलाकों पर विशेष निगरानी रखी जा रही हैं। वहीं, आज पुलिस को जिले के मधुवन फैनहारा मार्ग के पुल पर प्रेशर कुकर बम मिला। कुकर से आ रही आवाज पर बम की पहचान की गई और फौरन ही बम स्कॉयड की टीम को बुलाया गया। टीम ने बम को डिफ्यूज कर दिया है। पुलिस का कहना है कि कुछ दिनों पहले नक्सलियों ने बड़ी वारदात को अंजाम देने की धमकी दी थी। ये बम उन लोगों ने ही रखा होगा। बम के इलाके में रखे जाने की सूचना से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
मालूम हो कि बिहार के नक्सल प्रभावित इलाके में भी सीआरपीएफ और बिहार पुलिस की टीम कांबिंग ऑपरेशन चल रहा है। वहीं नक्सलियों ने औरंगाबाद में आज बंद की घोषण भी कर रखा है। ऐसे में औरंगाबाद सहित इससे सटे जिले में भी विशेष चौकसी बरती जा रही है।
बताते चलें कि कुछ दिनों पूर्व जमुई और मुंगेर में कांबिंग ऑपरेशन के तहत पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली थी। नक्सलियों के साथ मुठभेड़ भी हुई थी। पुलिस ने इन इलाकों से बड़ी मात्रा में विस्फोटक भी बरामद किए थे। वहीं छपरा में पुलिस ने नक्सलियों के एरिया कमांडर को गिरफ्तार किया था।
झारखण्ड में हुए नक्सली हमले को ध्यान में रखते हुए बिहार के सीमावर्ती इलाकों में विशेष चौकसी बरती जा रही है। दरअसल कुछ दिनों पूर्व ही मुंगेर, जमुई और छपरा में नक्सलियों के साथ सीआरीपीएफ की भुठभेड़ हुई थी, जिसमें कई विस्फोटक बरामद किए गए थे। साथ ही पकड़े गए नक्सलियों ने यह भी खुलासा किया था कि वो बड़े वारदात को अंजाम देने की तैयारी में हैं।
बताते चलें कि परसा थाना पुलिस ने 22 जनवरी की रात दैनिक चेकिंग अभियान के दौरन दो कुख्यात नक्सली को गिरफ्तार किया गया था। एसपी वरूण कुमार सिन्हा ने बताया था कि इन नक्सलियों के पास से एक चिठ्ठी मिली थी। इसमें ये खुलासा हुआ कि नक्सली जल्द ही बिहार में बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे। नक्सली महाराजगंज से राजेडी के सांसद प्रभुनाथ सिंह के भाई दीनानाथ सिंह, शिवहर के पप्पू सिंह, अखिलेश कुमार और मोतिहारी के छेदी सिंह की हत्या की फिराक में भी थे। नक्सलियों के पास से 83 हजार नकदी एवं एक बैग नक्सली साहित्य तथा मोबाइल बरामद किया गया था। हालांकि एक नक्सली भागने में सफल रहा था।
वहीं, कुछ दिनों पूर्व पुलिस ने मुंगेर और जमुई के जंगलों में कॉबिंग ऑपरेशन चला कर भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद किया था। मालूम हो कि मुंगेर और जमुई के जंगलों में बीते सोमवार रात सर्च ऑपरेशन चलाकर पुलिस ने भारी मात्रा में विस्फोटक जब्त किया था। नक्सली रत्तू कोड़ा पकड़ा गया था । वह पैसरा गांव का रहने वाला है। धरहरा के पैसरा जंगल (मुंगेर) में पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ भी हुई थी।
उधर, जमुई के गिद्धेश्वर जंगल में भी छापेमारी की गई थी। यहां भारी मात्रा में लैंड माइंस बरामद हुए। नक्सली बड़ी घटना को अंजाम देने के लिए विस्फोटक तैयार कर रहे थे। 38 हैंड ग्रेनेड, 73 हैंड ग्रेनेड का लीवर, 1 जेनरेटर, 20 बंडल बिजली तार, 1 कुकिंग गैस सिलेंडर, नक्सली वर्दी व साहित्य डीजल पंप में इस्तेमाल किए जाने वाले सिलेंडर से बनाये गये 25 लैंड माइंस बरामद किये गए थे। सभी में डेटोनेटर लगाना ही बाकी था।