फोटो: शोकाकुल परिजन।
मोकामा/पटना. मोकामा के मरांची थानाक्षेत्र के शेरपुर गांव में गुरुवार सुबह एक ट्रक ने चार साल के मासूम बच्चे को कुचल दिया। ट्रक की चपेट में आए बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद नाराज लोगों ने मोकामा मुंगेर एनएच-80 को जाम कर दिया। बच्चे को रौंदने वाले ट्रक का चालक फरार हो गया। ग्रामीणों ने ट्रक को जब्त कर लिया है।
मरांची थानाध्यक्ष ने काफी मशक्कत के बाद नाराज लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। मरांची थाना के अनुसार शेरपुर निवासी विनोद कुमार का चार साल का बेटा गुड्डू घर के आगे खेल रहा था। विनोद का घर एनएच के बिल्कुल पास है। खेलने के दौरान गुड्डू थोड़ा आगे बढ़ गया और इसी दौरान तेज गति से आ रहे ट्रक ने गुड्डू को रौंद दिया। गुड्डू ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद घर में चीख पुकार मच गई। मरांची थाना ने मामला दर्ज कर लिया है।