पटना. विधान पार्षद डॉ. रणवीर नंदन ने भाजपा को बिहार विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित करने की चुनौती दी है। उन्होंने कहा कि भाजपा नेता भले ही संसदीय बोर्ड की बात कहकर यह मुद्दा टालने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन सच यह है कि सुशील मोदी अपने चमचों से खुद को ही मुख्यमंत्री के रूप में प्रोजेक्ट करा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा में डॉ. प्रेम कुमार अपने नाम का जयकारा गली-गली में लगाते फिर रहे हैं।
सांसद अश्विनी कुमार चौबे दिल्ली में अपने नाम की डुगडुगी बजा रहे हैं, तो नंदकिशोर यादव अलग ही राग अलाप रहे हैं। दरअसल, भाजपा के नेता देश में जदयू, राजद, समाजवादी पार्टी और जेडीएस समेत अन्य समाजवादी विचारधारा वाले दलों के एकीकरण से घबरा गए है। उन्हें बिहार में सत्ता तक पहुंचने का अपना मंसूबा विफल दिखाई दे रहा है।
नीतीश कुमार के नेतृत्व में लड़ा जाएगा अगला चुनाव: नीरज
जदयू के प्रदेश प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा कि 2015 का विधानसभा चुनाव नीतीश कुमार के नेतृत्व में लड़ा जाएगा। जदयू की इस मामले में स्पष्ट सोच है। नीतीश ने बिहार में कानून का राज कायम कर दिखाया है। लोकसभा चुनाव के बाद जदयू ने गैर भाजपा मोर्चा बनाने की कवायद को तेज किया। देश में नए गठबंधन का आगाज होने से परेशान भाजपा तरह-तरह की अफवाह उड़ाकर जनता के मन में भय पैदा करने की कोशिश कर रही है। भाजपा को जनता दल परिवार की एका पर सवाल उठाने से पहले अपने राजनैतिक गठबंधन के नैतिक पक्ष पर अपनी राय जाहिर करनी चाहिए।