पटना. सेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकंडरी एजुकेशन (सीबीएसई) ने 10वीं की होम परीक्षा के नियमों में बदलाव किया है। बोर्ड ने स्कूल बेस्ड एग्जाम सेमेटिव असेसमेंट (एसए-2) की स्कीम को लेकर दिशा-निर्देश जारी किए हैं। बोर्ड ने कहा है कि जिस तरह से बोर्ड परीक्षा में छात्रों को पेपर शुरू होने के 15 मिनट पहले प्रश्न पत्र पढ़ने के लिए दिया जाता है, उसी तरह से स्कूल बेस्ड परीक्षा में भी यही नियम फॉलो किया जाए।
होम परीक्षा भी बोर्ड पेपर की टाइमिंग पर 10:30 बजे से शुरू होगा। समय सीमा में भी बोर्ड परीक्षा के नियम को फॉलो किया जाएगा। स्कूल एग्जाम का चुनाव करने वाले छात्र का पेपर भी तीन घंटे का होगा। इससे पहले बोर्ड ने निर्देश दिया था कि स्कूलों में 10वीं के एग्जाम 15 से 30 मार्च के बीच होंगे। अब बोर्ड परीक्षा के साथ ही होम परीक्षा भी लिया जाएगा। यह भी तय हुआ है कि जिस सब्जेक्ट का पेपर है, उस सब्जेक्ट के टीचर को उस दिन एग्जाम ड्यूटी नहीं सौंपी जानी चाहिए।
स्कूलों की मिल रही थी शिकायतें
बोर्ड को काफी शिकायतें मिल रहीं थीं कि स्कूल होम परीक्षा की आड़ में मनमानी कर रहे हैं। यहां छात्र के नंबर स्कूल टीचर्स के ही हाथ में होते हैं। स्कूल बोर्ड से पहले ही अपना रिजल्ट तैयार कर लेते हैं। नए नियमों से अब सुधार की उम्मीद की जा रही है।