पटना. पटना विश्वविद्यालय कैंपस सोमवार को एक बार फिर एक छात्र की पिटाई का गवाह बना। पटना कॉलेज कैंपस में बैठे कुछ छात्रों ने वाणिज्य महाविद्यालय के छात्र आलोक कुमार की जमकर पिटाई कर दी। बीकॉम पार्ट टू के छात्र आलोक की बिना कारण कुछ छात्रों ने पिटाई कर दी। इससे आलोक को पीठ और चेहरे पर चोट आई। पिटाई करने वाले छात्रों ने आलोक पटना कॉलेज के नोटिस बोर्ड से थोड़ी दूरी पर मौजूद पुलिस टीओपी तक पीटते हुए ले गए। इसके बाद आलोक को छोड़ दिया। जैसे तैसे आलोक पटना कॉलेज के मुख्य द्वार तक पहुंचा, जिसके बाद कुछ छात्रों ने उसकी मदद की और घर भेजा।
लोकल हूं कहने पर पीट दिया
पटना कॉलेज में सोमवार को छात्रों ने सिर्फ इसलिए आलोक को पीटा क्योंकि उसने कहा कि लोकल हूं यानि कॉलेज के पास ही रहता हूं। छात्रों ने पहले उससे नाम पूछा और बाद में जब घर पूछा तो आलोक ने जवाब दिया कि यहीं पास में रहता हूं, लोकल हूं। इतना सुनने के बाद ही छात्रों ने आलोक को पकड़ लिया और पीटने लगे। पटना विवि व यहां के कॉलेजों में लगातार छात्रों पर हंगामे हो रहे हैं लेकिन पटना विवि प्रशासन को कोई फर्क नहीं पड़ रहा। हजारों रुपए हर महीने प्राइवेट गार्ड पर खर्च हो रहे हैं लेकिन कैंपस में सुरक्षा व्यवस्था बद से बदतर हो रही है। लेकिन यह सुरक्षा व्यवस्था सिर्फ पीयू के अधिकारियों को ही सुरक्षित करने में लगी है, छात्रों के प्रति इसकी कोई जवाबदेही नहीं दिख रही।