फोटो: पुलिस ने गिरफ्तार किया आरोपियों को।
बेतिया/पटना. पुलिस ने वाहन चोरी मामले का सबसे बड़ा खुलासा शनिवार को किया। इस मामले में पुलिस ने बिहार, यूपी, बंगाल सहित अन्य प्रांतों से चोरी किए गए बीस वाहनों को भी जब्त किया है। इनका पंजीयन डीटीओ कार्यालय के मिलीभगत से नाम व पता बदलकर फर्जी एनओसी व आरसी के आधार पर किया गया है। जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि इस मामले में पूर्व डीटीओ विनय कुमार ठाकुर सहित नौ लोगों की संलिप्तता रही है। इनमें से छह आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार भी कर लिया है। पुलिस अधीक्षक सौरभ कुमार शाह ने बताया कि अभी भी जिले में चोरी के दर्जनों वाहन मौजूद हैं, जिसकी जांच जारी है। उन्होंने बताया कि इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। जब्त वाहनों में एक ट्रक, एक ट्रैक्टर, दो मोटरसाइकिल, चार जीप, ग्यारह बोलेरो एवं एक पिकअप वैन शामिल है।
देवरिया से परिवर्तित होकर आई थीं 47 गाड़ियां
कुछ दिन पूर्व चनपटिया से बरामद चोरी की चार बोलेरो व दो बाइक मामले में दर्ज प्राथमिकी की जांच जब सदर एसडीपीओ रामानंद कुमार कौशल ने शुरू की तो ज्ञात हुआ कि वर्ष 2012-13 यूपी के देवरिया से 47 गाड़ियां पता परिवर्तित होकर आई। जिला परिवहन कार्यालय बेतिया द्वारा उक्त गाड़ियों का नाम, पता परिवर्तित कर बेतिया का निबंधन दे दिया। एसडीपीओ ने जब इसकी विधिवत जांच की तो ज्ञात हुआ कि देवरिया से ही एनओसी व आरसी पता परिवर्तित प्रमाण पत्र का सत्यापन कराया गया तब पाया गया कि 47 में से 41 गाड़ियों का देवरिया आरटीओ कार्यालय में कोई रिकॉर्ड नहीं है।
एसपी ने गठित की टीम
जब इसका खुलासा हुआ तो एसपी शाह ने जिले के डेढ़ दर्जन थानेदारों की एक टीम गठित की, जिसका नेतृत्व सदर एसडीपीओ रामानंद कुमार कौशल को सौंपा गया। शुक्रवार की शाम एवं शनिवार को अभियान चलाकर पुलिस टीम ने बीस गाड़ियों को जब्त किया। वहीं जब इस मामले की विधिवत जांच हुई तो यह भी खुलासा हुआ कि पूर्व डीटीओ विनय कुमार ठाकुर, डीटोओ कार्यालय के दीपक श्रीवास्तव, सुजायत अंसारी, अशोक सिंह, कार्यालय के बाहर के चनपटिया निवासी इंदल यादव, विद्यानंद सिंह उर्फ शिला, गोलू सिंह, मोहन पटेल, बलथर निवासी बेचारी साह की संलिप्तता उजागर रही है। वहीं बाहर से चोरी की गाड़ियों के बेचने में जगदीशपुर निवासी समशाद अंसारी का नाम आया है।
पूर्व में बरामद हो चुकी है दर्जनों गाड़ियां, दर्जनों गिरफ्तार
पुलिस इसी साल में अभियान चला कर पचास से अधिक चोरी की वाहनों को बरामद कर चुकी है। वहीं वाहन चोरी के आरोप में पुलिस ने बीस आरोपियों को पूर्व में जेल भेज चुकी है।
आधा दर्जन आरोपियों की हुई गिरफ्तारी
जिले में चलाए गए चौबीस घंटे के अभियान के दौरान पुलिस ने डीटीओ कार्यालय के दीपक श्रीवास्तव, सुजायत अंसारी, बलथर के बेचारी साह, चनपटिया के मोहन पटेल, विद्यानंद सिंह एवं गोलू सिंह को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की अन्य वाहनों व वाहन चोरों के खिलाफ अभियान जारी है।