भागलपुर/पटना. तेजाब से गंभीर रूप से झुलसे मुकेश कुमार (30) की मौत मंगलवार सुबह इलाज के दौरान जवाहर लाल नेहरु अस्पताल में हो गई। उसे सोमवार देर रात अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मृतक साहेबगंज (झारखंड) जिले के राजमहल थाना क्षेत्र के संग्रामपुर गांव का रहने वाला था। मृतक चनाचूर बेचने का काम करता था। मृतक की पत्नी सुमित्रा देवी ने बरारी पुलिस को दिये बयान में अपने ही गांव के रुपेश यादव सहित पांच लोगों द्वारा प्लास्टिक की बाल्टी से भरा तेजाब फेंकने का आरोप लगाया है। पुलिस ने फर्द बयान को राजमहल थाने को भेज दिया है।
मामूली विवाद में फेंका
यह घटना सोमवार को तब घटी जब मृतक मुकेश कुमार तालझारी स्टेशन से सायकिल से अपने घर संग्रामपुर लौट रहा था। गांव के छक्कू यादव के घर के समीप रुपेश यादव व उसके चार अन्य साथियों ने तेजाब फेंक कर फरार हो गया। इससे पहले मृतक करणपुरातो स्टेशन पर लगी हटिया में चनाचूर बेच कर ट्रेन से तालझारी लौटा था। स्थानीय लोगों की मदद से झुलसे मुकेश को राजमहल के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए भागलपुर रेफर कर दिया। मृतक की पत्नी सुमित्रा देवी ने पुलिस को बताया है कि कुछ दिनों पूर्व आरोपी से उसके पति के साथ मामूली विवाद हुआ था। बदला लेने के इरादे से आरोपियों ने इस वारदात को अंजाम दिया है।