पटना. पटना विश्वविद्यालय में शिक्षकों ने गुरुवार को पीयू प्रशासन को बड़ी राहत दे दी है। प्रोमोशन व पे फिक्सेशन की मांग को लेकर पटना विवि शिक्षक संघ (पूटा) की आमसभ्रा में 13 फरवरी से परीक्षाओं में असहयोग का निर्णय लिया था। लेकिन गुरुवार को पूटा कार्यकारिणी ने विद्यार्थियों के हित में असहयोग के फैसले को टाल दिया है। इस संबंध में पूटा के महासचिव प्रो. अनिल कुमार ने बताया कि हमारी दोनों प्रमुख मांगों पर पीयू प्रशासन ने कार्रवाई शुरू जरूर की है लेकिन इसकी प्रक्रिया इतनी धीमी है कि पूटा कार्यकारिणी संतुष्ट नहीं।
इसके बावजूद गुरुवार से शुरू हुई स्नातक तृतीय वर्ष की परीक्षाओं में असहयोग के पुराने फैसले को फिलहाल टाल दिया गया है। चूंकि यह फाइनल इयर की परीक्षा है और इसके रिजल्ट के बाद विद्यार्थियों को बाहर के विश्वविद्यालयों में भी नामांकन लेना होता है। अगर हम परीक्षाओं में असहयोग करेंगे तो रिजल्ट में देरी होगी।
जिससे विद्यार्थियों का नामांकन प्रभावित हो सकता है। इसलिए हमने फिलहाल असहयोग नहीं करने का निर्णय लिया है। लेकिन द्वितीय वर्ष की परीक्षा के ठीक पहले पूटा कार्यकारिणी दुबारा बैठेगी और तब दोनों मांगों पर हुई कार्रवाई की समीक्षा कर आगे निर्णय लेगी। संतोषजनक कार्रवाई तब भी न हुई तो परीक्षाओं में असहयोग हर हाल में होगा।