फोटो: विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने नालंदा यूनिवर्सिटी के पहले शैक्षणिक सत्र का उद्घाटन किया। इस मौके पर बिहार के सीएम जीतनराम मांझी भी उपस्थित थे।
बिहारशरीफ/पटना. विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने शुक्रवार को नालंदा विवि के पहले शैक्षणिक सत्र का विधिवत उद्घाटन किया। उन्होंने राजगीर के विश्वविद्यालय कैम्पस में चल रहे कार्य का निरीक्षण कर वहां पौधरोपण भी किया। उन्हें मास्टर प्लान के बारे में जानकारी दी गई। इस मौके पर सुषमा स्वराज ने कहा कि नालंदा विश्वविद्यालय को पहले राज्य यूनिवर्सिटी बनाने की योजना थी। फिर भारत सरकार ने इसे अंतराष्ट्रीय यूनिवर्सिटी बनाने की पहल की। आज काफी गौरव का दिन है कि इसकी शुरुआत हो चुकी है। यहां हवाई अड्डा बनना चाहिए ताकि अंतराष्ट्रीय छात्र भी यहां आराम से पहुंच सके।
'हमारा दायित्व है पुराने गौरव को लौटाना'
इस मौके पर बिहार के सीएम जीतनराम मांझी ने कहा कि हमारा दायित्व है पुराने गौरव को लौटाना। इस अवसर पर पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील मोदी भी उपस्थित थे। इस मौके पर कई देशों के प्रतिनिधि शामिल थे।
कक्षाएं प्रशासनिक भवन में लगेंगी
बताते चलें कि पांचवीं शताब्दी में उच्च शिक्षा का केंद्र रहे नालंदा विश्वविद्यालय में 821 साल बाद इसी माह से दोबारा पढ़ाई शुरू हुई। नए विश्वविद्यालय का निर्माण प्राचीन विश्वविद्यालय के लोकेशन से 12 किलोमीटर दूर राजगीर में किया गया है। शुरुआत 9 स्टूडेंट्स के साथ की गई, जिनकी कक्षाएं राज्य सरकार के कला संस्कृति व पर्यटन विभाग के कन्वेंशन सेंटर में आयोजित की गईं। कन्वेंशन सेंटर को 15 दिन के लिए किराए पर लिया गया है। अब विश्वविद्यालय के औपचारिक उद्घाटन के बाद कक्षाएं प्रशासनिक भवन में लगेंगी। आगे देखिए संबंधित तस्वीरें...