बेतिया/पटना. हाईटेंशन तार की चपेट में आने से दसवीं कक्षा के एक छात्र की मौत मंगलवार को हो गई। वह अपने घर से पढ़ने के लिए गंडक बांध के रास्ते लक्ष्मीपुर हाईस्कूल जा रहा था। सूचना पर श्रीनगर पुलिस ने शव को कब्जे में लिया तब तक ग्रामीण एकत्रित हो गए और थाना पर ही हंगामा शुरू कर दिया। ग्रामीण बिजली विभाग के अधिकारियों की बुलाने की मांग कर रहे थे।
जानकारी के अनुसार श्रीनगर थाना के श्रीनगर टांड निवासी प्रभु यादव का 15 वर्षीय पुत्र हीरामन यादव मंगलवार को साइकिल से लक्ष्मीपुर हाई स्कूल में पढ़ने के लिए जा रहा था। जैसे ही वह गंडक बांध के सहारे आगे बढ़ा। बांध पर गिरे 11 हजार वोल्ट की तार के चपेट में आ गया। इसकी वजह से घटना स्थल पर ही उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची श्रीनगर पुलिस लाश को कब्जे में लेकर थाने पहुंची। तब तक ग्रामीण एकत्रित हो गए और बिजली विभाग के अधिकारियों को बुलाने की मांग को लेकर हंगामा करना शुरू कर दिया। बाद में पुलिस व स्थानीय जनप्रतिनिधियों के पहल पर मंगलवार की शाम लाश को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया।