पटना. जदयू के चारों बागियों की सदस्यता पर सुनवाई सोमवार को होगी। शनिवार को विधानसभाध्यक्ष के कोर्ट में उनके पेश न होने के कारण सुनवाई नहीं हो सकी। जदयू ने चार बागी विधायकों अजीत कुमार, राजू कुमार सिंह, पूनम देवी और सुरेश चंचल के खिलाफ सदस्यता खत्म करने का आवेदन विधानसभा अध्यक्ष को दिया है। पार्टी ने इनपर दल के खिलाफ काम करने का आरोप लगाया है।
पिछले दिन चारों की सदस्यता को लेकर विधानसभा अध्यक्ष ने शुक्रवार को उन्हें तलब किया था। लेकिन अजीत कुमार के वकील ने तबीयत खराब होने की बात कहकर समय मांग लिया। पर, अध्यक्ष ने उनकी अपील ठुकराते हुए शनिवार को फिर से सुनवाई निर्धारित कर दी। शनिवार को सुबह 12 बजे उन्हें बुलाया गया था। पर वे नहीं आए। अब उन्हें सोमवार की शाम 4.30 बजे बुलाया गया है।
जदयू के मुख्य सचेतक श्रवण कुमार ने कहा कि बागियों को काफी समय मिल चुका है और वे सिर्फ समय टाल रहे हैं। पार्टी अध्यक्ष से अनुरोध करेगी कि वे इसपर शीघ्र निर्णय लें।