पटना. जदयू के बागी विधायकों को फैसले की बजाए एक बार फिर से तारीख मिल गई। बुधवार को विधानसभा के स्पीकर उदय नारायण चौधरी की कोर्ट में आखिरी फैसले की उम्मीद के साथ सुनवाई शुरू हुई। बागियों के वकील शशिभूषण कुमार मंगलम ने ग्रामीण कार्य मंत्री श्रवण कुमार का क्रॉस एग्जिामिनेशन करने की इजाजत मांगी। इसका जदयू के वकील और योजना मंत्री पी.के.शाही ने विरोध किया। शाही का कहना था कि श्रवण ने लिखित बयान दे दिया है। उन्हें इससे अधिक कुछ नहीं कहना है। इसके बाद स्पीकर ने सुनवाई की तारीख 12 दिसंबर निर्धारित कर दी।
सुनवाई के दौरान जदयू के चार बागी विधायक अजीत कुमार, सुरेश चंचल, पूनम देवी और राजू कुमार सिंह के साथ-साथ दूसरे पक्ष से ग्रामीण कार्य मंत्री मौजूद थे। सूत्रों के अनुसार अगली सुनवाई पर जदयू के वकील शाही बहस करेंगे।
विधाससभा परिसर में बागियों के वकील मंगलम ने कहा कि हमारी बात को बिलकुल नहीं सुना जा रहा है। केवल वादी पक्ष के तर्कों के ही आधार पर मामले को आगे बढ़ाया जा रहा है।