खगड़िया/पटना. जिले के गोगरी थाना क्षेत्र के दियारा इलाके में हथियार बनाने का अवैध करोबार चल रहा था। गुरुवार को पुलिस की स्पेशल टीम ने छापेमारी कर इस अवैध करोबार का खुलासा किया है। एसपी किम ने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि दियारा में कुछ अपराधी मिनी गन फैक्ट्री चला रहे हैं।
इसी सूचना पर उन्होंने गोगरी एसडीपीओ संजय झा, थानाध्यक्ष दुर्गेश राम, परबत्ता थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार को छापेमारी के लिए वहां भेजा। इस दौरान पुलिस ने वहां से एक निर्मित देसी कट्टा, दो अर्द्ध निर्मित हथियार, 15 जिंदा कारतूस के अलावा हथियार बनाने वाले बहुत से सामान बरामद किये हैं। पुलिस ने मौके से दो अपराधी को भी गिरफ्तार किया है। जबकि गिरफ्तार अपराधी के ही निशानदेही पर पुलिस ने नगर थाना क्षेत्र में छापेमारी कर हथियार बरामद किया है। समाचार लिखे जाने तक छापेमारी जारी थी।