नई दिल्ली/पटना. एबीपी न्यूज और नीलसन के सर्वे में अब बिहार में भी बीजेपी का झंडा बुलंद होता दिख रहा है। सर्वे के अनुसार, बिहार में अगर अभी चुनाव हुआ तो बीजेपी को 24 सीटों पर जीत मिल सकती है। वहीं जेडीयू (चुनाव चिन्ह तीर) को सबसे ज्यादा नुकसान हो सकता है। सर्वे के अनुसार जेडीयू को सिर्फ 6 सीटें मिल सकती हैं। मालूम हो कि यूपी में इसी सर्वे के मुताबिक यह बात सामने आई थी कि बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरेगी। यहां बीजेपी को 35 सीटें मिलने की बात सामने आई थी। मतलब प्रदेश में नरेंद्र मोदी (नमो) के जादू से इंकार नहीं किया जा सकता है।
सर्वे के मुताबिक, अगर अभी चुनाव हुआ तो नीतीश कुमार की पार्टी जेडीयू को नुकसान हो सकता है। इस बार सिर्फ 6 सीटें मिलने की संभवना जताई गई है। यानी नीतीश की पार्टी को 14 सीटों का नुकसान हो हो सकता है और इसका सीधा फायदा बीजेपी को मिल सकता है। राज्य की कुल 40 सीटों में से 24 सीटें बीजेपी को मिल सकती है।
सर्वे में यह भी सामने आया है कि लालू प्रसाद की पार्टी आरजेडी को भी इस बार 5 सीटों पर जीत मिल सकती है। पिछली बार आरजेडी को 4 सीटों पर जीत हासिल हुई थी। वहीं, पिछले चुनाव में खाता खोलने से चूक गई रामविलास पासवान की पार्टी एलजेपी के लिए इस बार अच्छी खबर आ रही है। यह पार्टी इस बार एक सीट पर जीत दर्ज कर सकती है।
कांग्रेस को इस सर्वे में भी राहत नहीं मिल रही है। सर्वे के मुताबिक इस बार उसे 2 सीटें मिल सकती हैं। पिछले चुनावों में भी कांग्रेस को 2 सीटों पर जीत मिली थी। सर्वे के मुताबिक बीजेपी के वोट शेयर में वृद्धि हो सकती है।