पटना/दानापुर. दानापुर-खगौल मुख्य मार्ग पर सोमवार देर रात डीएवी स्कूल के पास 18 वर्षीय युवक की अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक विक्की कुमार टेम्पो चलाता था। हत्यारे वारदात के बाद विक्की का टेम्पो लेकर भाग गए। मृतक लखनीबिगहा पंचायत के पंच मालादेवी का इकलौता पुत्र था। इस वर्ष मैट्रिक की परीक्षा देने की तैयारी कर रहा था। घटना के बाद खगौल पुलिस ने शव को अनुमंडल अस्तपताल भेज दिया। हत्या की खबर पर परिजन और गांव के लोग अनुमंडल अस्पताल पहुंचे। मृतक की मां माला देवी के बयान पर खगौल पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है।
विवाद के कारण हत्या की आशंका
खगौल थानाध्यक्ष संतोष कुमार ने बताया कि हत्या के कारणों की जांच की जा रही है। कुछ दिन पहले दानापुर स्थित आसोपुर गांव के ही नंदू राय के बेटे मधुसूदन के साथ किराये को लेकर विवाद हुआ था। विक्की मधुसूदन का टेम्पो चलाता था और तीन सौ रुपए रोजाना देता था।
लेकिन मधुसूदन साढ़े तीन सौ रुपए की मांग करता था। इस विवाद में विक्की ने मधुसूदन का टेम्पो छोड़ मैनपुरा के भूतपूर्व सैनिक मदन कुमार पाण्डेय का पियागो भाड़े पर चलाने लगा। किसी से दुश्मनी की बात भी जांच के दायरे में है। विक्की के चाचा भारत पंडित और चचेरे भाई मुन्ना ने बताया कि सोमवार की रात नौ बजे के करीब विक्की खगौल स्टैंड से पियागो लेकर चला था। रात 10 बजे खगौल थाना के दरोगा अभय कुमार विक्की के मोबाइल से उसकी बहन मेनका को घर पर सूचना दी की विक्की की हत्या हो गई है। उन्होंने बताया कि विक्की को दाहिने कनपटी के नीचे एक गोली मारा गई है।